कश्मीर में भाजपा चुनाव जीतेगी, उमर कुर्सी छोड़ें : अमित शाह
Advertisement

कश्मीर में भाजपा चुनाव जीतेगी, उमर कुर्सी छोड़ें : अमित शाह

जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को जम्मू कश्मीर के लोगों को लुभाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पार्टी क्षेत्र को न्याय दिलाने में मदद करेगी क्योंकि पिछले 60 वर्षों के दौरान सरकारों ने उसके साथ ‘सौतेला बर्ताव’ किया है।

कश्मीर में भाजपा चुनाव जीतेगी, उमर कुर्सी छोड़ें : अमित शाह

कठुआ (जम्मू कश्मीर) : जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को जम्मू कश्मीर के लोगों को लुभाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पार्टी क्षेत्र को न्याय दिलाने में मदद करेगी क्योंकि पिछले 60 वर्षों के दौरान सरकारों ने उसके साथ ‘सौतेला बर्ताव’ किया है।

कठुआ में आज एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने उमर अब्दुल्ला सरकार पर हमला किया और लोगों से राज्य में वंशवादी राजनीति को त्यागने को कहा। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश के साथ यहां आए हैं जो राज्य में विकास शुरू करना चाहते हैं ताकि इसे तेज गति से प्रगति की राह पर ले जाया जा सके।

उन्होंने कहा, ‘60 वर्षों से जम्मू क्षेत्र की जनता अन्याय का सामना कर रही है। भाजपा सरकार जम्मू के लिए न्याय हासिल करने में मदद करेगी क्योंकि विभिन्न सरकारों ने उसके साथ सौतेला बर्ताव किया है।’ वंशवादी राजनीति पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, ‘भाजपा ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ के लिए लड़ रही है और जम्मू कश्मीर भी देश का हिस्सा है। इसलिए जम्मू कश्मीर को कांग्रेस मुक्त बनाने के लिए आपको राज्य को अब्दुल्ला और मुफ्ती से मुक्त बनाना है।’

उन्होंने अमरनाथ यात्रा के तीर्थयात्रियों के लिए सामुदायिक रसोई को निशाना बनाए जाने के लिए उमर अब्दुल्ला सरकार पर हमला किया। शाह ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार 1962, 1965 और 1971 के युद्ध पीड़ितों को न्याय दिलाने में मदद करेगी।

पाकिस्तान के सीमा पर लगातार गोलाबारी करने पर शाह ने कहा कि भाजपा सरकार उसे मुंहतोड़ जवाब देगी। क्षेत्र के लोगों तक पहुंचते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जम्मू कश्मीर के लिए समय आ गया है कि वह देश की प्रगति के साथ आगे बढ़े और भाजपा ऐसा करने में उसकी मदद करेगी।

जम्मू क्षेत्र में राज्य की 87 में से 37 विधानसभा सीटें आती हैं। सत्ता में आने के पहले तीन महीने में मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धियों को गिनाते हुए शाह ने कहा कि सरकार 60 महीने में 60 से अधिक कार्य करेगी। उन्होंने कहा, ‘अगर राज्य में भाजपा सरकार आती है तो राज्य को व्यापक लाभ होगा।’ भाजपा राज्य में पूर्ण बहुमत हासिल करने के लिए ‘मिशन-44’ पर है ताकि वह राज्य में अपनी सरकार बना सके।

उन्होंने कहा, ‘भाजपा में विश्वास करें, जो जम्मू कश्मीर की तेज गति से प्रगति और विकास सुनिश्चित करेगी।’ उधमपुर से पूर्व सांसद लाल सिंह भी भाजपा की रैली में शामिल हुए। शाह ने उनका पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि वह ‘सही जगह’ पर आए हैं।

 

Trending news