अमित शाह ने चौटाला और कांग्रेस पर साधा निशाना
Advertisement

अमित शाह ने चौटाला और कांग्रेस पर साधा निशाना

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि उनका ‘अहंकार’ शिक्षक भर्ती घोटाले में दोषी ठहराए जाने के बावजूद बना हुआ है।

अमित शाह ने चौटाला और कांग्रेस पर साधा निशाना

नारनौंद (हिसार) : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि उनका ‘अहंकार’ शिक्षक भर्ती घोटाले में दोषी ठहराए जाने के बावजूद बना हुआ है।

उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा नीत कांग्रेस पर भी हमला किया और उस पर अपने दस साल के कार्यकाल के दौरान राज्य को पीछे धकेलने का आरोप लगाया। शाह ने आज लोगों से ‘भारत माता की जय’ का नारा इतना जोर से लगाने का आह्वान किया कि ‘उसकी गूंज तिहाड़ जेल तक पहुंचे।’ शाह ने कल अंबाला में एक चुनावी सभा में चौटाला नीत इनेलो के साथ चुनाव बाद कोई भी गठबंधन करने से इंकार किया था। भाजपा प्रमुख ने 79 वर्षीय चौटाला की आलोचना की। चौटाला ने गत 25 सितंबर को जींद में एक रैली को संबोधित करने के दौरान कहा था कि वह तिहाड़ जेल से हरियाणा के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे।

चौटाला फिलहाल स्वास्थ्य आधार पर जमानत पर रिहा हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और उनके पुत्र अजय को शिक्षक भर्ती घोटाले में दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई गई है। शाह ने आज एक रैली में कहा कि मैं चौटाला का बयान पढ़ता हूं कि वह तिहाड़ जेल से हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। मैं आप लोगों से पूछना चाहता हूं कि क्या आप ऐसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री चुनेंगे जो तिहाड़ जेल से अपनी सरकार चलाएगा। देखें कि सजा सुनाए जाने के बाद भी कितना अहंकार है। शाह 15 अक्तूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कल से कई जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं।

Trending news