भारत में भूकंप से 36 लोगों की मौत, 200 अन्य घायल
Advertisement

भारत में भूकंप से 36 लोगों की मौत, 200 अन्य घायल

शक्तिशाली भूकंप से आज देश के विभिन्न हिस्सों में कम से कम 36 लोगों की मौत हो गई तथा करीब 200 अन्य घायल हो गए क्योंकि इसके झटकों से कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं या धराशायी हो गईं। भूकंप का केंद्र नेपाल में स्थित था।

नई दिल्ली : शक्तिशाली भूकंप से आज देश के विभिन्न हिस्सों में कम से कम 36 लोगों की मौत हो गई तथा करीब 200 अन्य घायल हो गए क्योंकि इसके झटकों से कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं या धराशायी हो गईं। भूकंप का केंद्र नेपाल में स्थित था।

7.9 की तीव्रता वाले भूकंप से सबसे अधिक प्रभावित देश के राज्यों में बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल शामिल हैं जिनकी सीमाएं नेपाल से लगी हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और दिशानिर्देश जारी कर रहे हैं। प्रभावित क्षेत्रों में बचाव एवं राहत अभियान युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।

गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने रात में संवाददाताओं को बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों में मरने वालों की संख्या 36 है। इनमें से 23 की मौत बिहार, आठ की उत्तर प्रदेश और पांच की पश्चिम बंगाल में हुई है।

उन्होंने बताया कि बिहार में 133 लोग और उत्तर प्रदेश में 43 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि ‘दुखद रूप से’ पश्चिम बंगाल में 15 बच्चे घायल हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां एक उच्च स्तरीय बैठक में स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित क्षेत्रों के लिए तत्काल राहत और बचाव टीमें रवाना करने का निर्देश दिया जिसमें चिकित्साकर्मी शामिल हों।

मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, सिक्किम के मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात की। कैबिनेट सचिव अजित सेठ के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की आपदा प्रबंधन समिति स्थिति पर निगरानी रखने के लिए नियमित बैठकें कर रही है।

केंद्रीय गृह सचिव एल सी गोयल ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की पांच टीमें राहत और बचाव अभियान के लिए बिहार और उत्तर प्रदेश भेजी गई हैं। ऐसी एक टीम में 45 कर्मी हैं। उन्होंने कहा, ‘हमार ध्यान राहत अभियान पर है। नुकसान का आकलन कुछ समय बाद किया जाएगा।’ रिजिजू ने कहा कि राहत टीमें बिहार के पटना, सुपौल, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गोपालगंज और उत्तर प्रदेश के गोरखपुर भेजी गई हैं।

Trending news