थलसेना की भर्ती परीक्षा का प्रश्न-पत्र लीक, परीक्षा रद्द, 18 गिरफ्तार
Advertisement

थलसेना की भर्ती परीक्षा का प्रश्न-पत्र लीक, परीक्षा रद्द, 18 गिरफ्तार

सेना भर्ती बोर्ड की परीक्षा के पर्चे कथित रूप से लीक हो गए जिसके बाद ठाणे पुलिस की अपराध शाखा ने छापेमारी कर महाराष्ट्र एवं गोवा से 18 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पर्चा लीक होने के सिलसिले में करीब 250 छात्रों को भी हिरासत में लिया गया। आज पूरे देश में भर्ती परीक्षा होने वाली थी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

ठाणे: भारतीय थलसेना में निचले स्तर के कुछ पदों पर भर्ती से जुड़ी परीक्षा के प्रश्न-पत्र महाराष्ट्र और गोवा में लीक होने का मामला सामने आने के बाद आज परीक्षा रद्द कर दी गई । थलसेना भर्ती बोर्ड की ओर से यह परीक्षा आयोजित की गई थी। ठाणे पुलिस की अपराध शाखा ने कल रात से अब तक महाराष्ट्र और गोवा से 18 लोगों को गिरफ्तार किया । गिरफ्तार किए गए लोगों पर प्रश्न-पत्र लीक में शामिल होने का आरोप है।

ठाणे पुलिस ने बताया कि पूछताछ के लिए 350 छात्रों को भी हिरासत में लिया गया था, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।नई दिल्ली में थलसेना सूत्रों ने बताया कि काम्पटी, नागपुर, अहमदनगर, अहमदाबाद, गोवा और किर्की सहित कई केंद्रों पर परीक्षा रद्द कर दी गई।

सैनिक लिपिक, स्ट्रॉंगमैन और ट्रेड्समैन सहित कई पदों के लिए देश के 52 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई थी। सूत्रों ने बताया कि थलसेना ने आंतरिक जांच के आदेश दे दिए हैं और छानबीन के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अन्य केंद्रों पर भी परीक्षाएं रद्द किए जाने की संभावना है।

कोचिंग सेंटरों के लिए काम करने वाले कुछ लोगों ने अभ्यर्थियों को कथित तौर पर प्रश्न-पत्र लीक किए।अभ्यर्थियों को प्रश्न-पत्र के लिए कथित तौर पर दो-दो लाख रूपए देने पड़े। ठाणे के एक आला पुलिस अधिकारी ने बताया कि थलसेना कर्मियों के शामिल होने से इनकार नहीं किया जा सकता।

लीक के बारे में मिली एक गुप्त-सूचना के बाद ठाणे पुलिस ने अपने स्थानीय समकक्षों की मदद से महाराष्ट्र के नासिक, पुणे और नागपुर में कई जगहों और गोवा में कुछ जगहों पर छापेमारी की।

 

Trending news