वाजपेयी की अस्थियां झारखंड की प्रमुख नदियों में विसर्जित होंगी : मुख्यमंत्री रघुवर दास
Advertisement

वाजपेयी की अस्थियां झारखंड की प्रमुख नदियों में विसर्जित होंगी : मुख्यमंत्री रघुवर दास

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि बाजपेयी झारखंड के जनक हैं. वे नहीं होते तो आज झारखंड अलग राज्य नहीं बनता.

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 16 अगस्त को दिल्ली स्थित एम्स में अंतिम सांस ली (फाइल फोटो)

रांची:  झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन को देश के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए आज कहा कि उनकी अस्थियां प्रदेश की प्रमुख नदियों में विसर्जित की जाएंगी.

मुख्यमंत्री ने कहा,‘पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयीजी का जाना अपूरणीय क्षति है. वे सदैव हमारे आदर्श रहेंगे. वे आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके आदर्श और विचार हमारे लिए प्रेरणा के स्रोत रहेंगे.’

उन्होंने कहा कि बाजपेयी झारखंड के जनक हैं. वे नहीं होते तो आज झारखंड अलग राज्य नहीं बनता. अब राज्य की सवा तीन करोड़ जनता और राज्य सरकार का यह कर्तव्य बनता है कि उनके लिए कुछ विशेष करे .

राज्य सरकार उनके नाम पर कोई योजना या स्मारक बनाने पर विचार कर रही है, ताकि आनेवाली पीढ़ी उन्हें, उनके विचारों और उनके कार्यों के बारे में जाने. झारखंड उनका ऋणी है. उन्होंने घोषणा की कि उनकी अस्थियां यहां की 4-5 प्रमुख नदियों में प्रवाहित की जाएंगी. 

(इनपुट - भाषा)