रघुबर दास होंगे झारखंड के पहले गैर आदिवासी मुख्‍यमंत्री, शपथ ग्रहण में शामिल होंगे PM मोदी
Advertisement

रघुबर दास होंगे झारखंड के पहले गैर आदिवासी मुख्‍यमंत्री, शपथ ग्रहण में शामिल होंगे PM मोदी

झारखंड के नए नेता का नाम शुक्रवार को तय हो गया और रघुबर दास अब सूबे के नए मुख्‍यमंत्री होंगे। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को विधायक दल की बैठक में रघुबर दास का नाम तय हो गया। इस संबंध में औपचारिक ऐलान थोड़ी देर में किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के झारखंड के पर्यवेक्षक जेपी नड्डा और विनय सहस्त्रबुद्धे विधायकों की बैठक के बाद उनके नाम का औपचारिक ऐलान करेंगे।

रघुबर दास होंगे झारखंड के पहले गैर आदिवासी मुख्‍यमंत्री, शपथ ग्रहण में शामिल होंगे PM मोदी

रांची : झारखंड के नए नेता का नाम शुक्रवार को तय हो गया और रघुबर दास अब सूबे के नए मुख्‍यमंत्री होंगे। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लग गई। झारखंड के 14 साल के इतिहास में रघुबर दास पहले गैर आदिवासी मुख्यमंत्री होंगे। रांची के बिरसा मुंडा ग्राउंड में 28 दिसंबर को वह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बीजेपी विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में बीजेपी महासचिव और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्रबुद्धे भी मौजूद थे। दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उनके शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

गौर हो कि रघुबर दास 1995 से लगातार विधायक रहे हैं और वर्तमान में बीजेपी के राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष भी हैं।1980 से ही बीजेपी से जुड़े रहे रघुबर दास पहली बार 1995 में विधायक बने थे और उसके बाद लगातार पांचवीं बार विधायक बने हैं। इस बार उन्होंने करीब 70 हजार वोटों से जीत दर्ज की है।

पार्टी विधायक दल की बैठक के बाद भाजपा के पर्यवेक्षक जे पी नड्डा ने कहा कि दास के नाम का प्रस्ताव सरयू राय और सी पी सिंह ने किया और पार्टी के अन्य नेताओं ने इसका समर्थन किया। सरयू राय का नाम भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में चल रहा था। रघुबर दास राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि दास प्रदेश में भाजपा-आजसू सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। गौरतलब है कि हाल के विधानसभा चुनाव में भाजपा-आजसू गठबंधन ने 81 में से 42 सीट जीतकर बहुमत हासिल किया है।

सूत्रों के अनुसार, किसी आदिवासी चेहरे को डिप्टी सीएम बनाने को लेकर भी बीजेपी विचार कर रही है। वहीं अर्जुन मुंडा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाने पर विचार किया जा रहा है। सीएम पद की रेस में सरयू राय, सीपी सिंह के नाम भी शामिल थे। बताया जाता है कि अमित शाह की पहली पसंद रघुबर दास ही थे। बीजेपी आलाकमान ने गुरुवार शाम को ही रघुबर दास के नाम पर फैसला ले लिया था।

मूल रूप से छत्तीसगढ़ के रहने वाले रघुबर दास 30 दिसंबर 2009 से 29 मई 2010 तक झारखंड के उपमुख्यमंत्री भी रहे हैं। वह टाटा स्टील में काम करते थे। 1995 से वह जमशेदपुर ईस्ट सीट से चुनाव जीतते आ रहे हैं। वह गैर आदिवासी मूल के हैं और पिछड़ा वर्ग से ताल्लुक रखते हैं। गौर हो कि झारखंड में पहली बार कोई पूर्ण बहुमत की सरकार सत्ता संभालेगी।