लोस-विस उपचुनाव : पांच में से तीन सीटों पर जीती भाजपा
Advertisement

लोस-विस उपचुनाव : पांच में से तीन सीटों पर जीती भाजपा

लोकसभा और विधानसभा की कुल पांच सीटों के लिए हुए उपचुनाव में आज भाजपा को तीन स्थानों पर कामयाबी मिली और पार्टी के दिवंगत नेता गोपीनाथ मुंडे की पुत्री प्रीतम मुंडे ने महाराष्ट्र की बीड लोकसभा सीट पर करीब सात लाख के रिकार्ड मतों से जीत हासिल की।

नई दिल्ली : लोकसभा और विधानसभा की कुल पांच सीटों के लिए हुए उपचुनाव में आज भाजपा को तीन स्थानों पर कामयाबी मिली और पार्टी के दिवंगत नेता गोपीनाथ मुंडे की पुत्री प्रीतम मुंडे ने महाराष्ट्र की बीड लोकसभा सीट पर करीब सात लाख के रिकार्ड मतों से जीत हासिल की।

ओडिशा के कंधमाल लोकसभा क्षेत्र के लिए हुए उपचुनाव में बीजद उम्मीदवार प्रत्युष राजेश्वरी सिंह ने भाजपा के रूद्रमाधव राय को 2,98,868 मतों से पराजित किया। प्रत्युष राजेश्वरी सिंह पूर्व सांसद दिवंगत हेमेंद्र चंद्र सिंह की पत्नी हैं।

कंधमाल के जिला चुनाव अधिकारी सुमंत कार ने बताया कि प्रत्युष राजेश्वरी सिंह को 4,77,529 मत मिले जबकि कंधमाल के पूर्व सांसद राय को 1,78,661 मत मिले। माओवाद प्रभावित इस क्षेत्र में कांग्रेस के उम्मीदवार और पूर्व विधायक अभिमन्यु बेहेरा तीसरे नंबर पर रहे।

भाजपा ने गुजरात में राजकोट पश्चिम विधानसभा सीट जीत ली और यहां से उसके उम्मीदवार विजय रूपानी 23 हजार से अधिक मतों से विजयी हुए। उप चुनाव अधिकारी केतन गांधी ने बताया कि भाजपा उम्मीदवार रूपाणी को 81,092 मत मिले जबकि कांग्रेस उम्मीदवार जयंती कलारिया को 57,352 मत मिले। इस सीट पर नोटा (इनमें से कोई नहीं) तीसरे स्थान पर रहा और 3,110 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया।

समाजवादी पार्टी के नाहिद हसन ने उत्तर प्रदेश की कैराना विधानसभा सीट जीत ली। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के अनिल चौहान को हराया। चुनाव अधिकारी सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि हसन को 83,984 मत मिले जबकि चौहान के पक्ष में 82,885 वोट पड़े। कांग्रेस के गैब्रिएल डेनवांग वांगसू ने अरूणाचल प्रदेश में कानुबारी विधानसभा सीट के लिए हुए चुनाव में भाजपा के रोंगनाई महम को नजदीकी मुकाबले में 885 मतों से पराजित किया।

Trending news