उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप बढ़ा, यूपी में 5 व्यक्तियों की मौत
Advertisement

उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप बढ़ा, यूपी में 5 व्यक्तियों की मौत

उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान शून्य से कम पर पहुंचने के साथ ठंड का प्रकोप और बढ़ गया और इसके चलते उत्तर प्रदेश में पांच लोग मारे गए। साथ ही कोहरे की वजह से कई हिस्सों में यातायात तंत्र प्रभावित हुआ।

उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप बढ़ा, यूपी में 5 व्यक्तियों की मौत

नई दिल्ली : उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान शून्य से कम पर पहुंचने के साथ ठंड का प्रकोप और बढ़ गया और इसके चलते उत्तर प्रदेश में पांच लोग मारे गए। साथ ही कोहरे की वजह से कई हिस्सों में यातायात तंत्र प्रभावित हुआ।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री जबकि अधिकतम 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 13.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी।

उत्तर प्रदेश में ठंड और कोहरे के कारण हुई दुर्घटनाओं की वजह से पिछले 24 घंटे में पांच लोग मारे गए। कुशीनगर में दो लोग ठंड से मारे गए जबकि महाराजगंज, गाजीपुर और इटावा में एक-एक लोग मारे गए।

राज्य के दूरदराज की जगहों पर हल्की बारिश और गरज होने के साथ तापमान में गिरावट आयी। आगरा में तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गयी जबकि बरेली, झांसी, कानपुर और लखनउ संभागों में भी तापमान में कमी देखी गयी।

राजस्थान के माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस रहने के साथ सर्दी के मौसम की सबसे ठंडी रात रही और आज सुबह नक्की झील की उपरी परत जम गयी। उत्तर पश्चिम रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में कोहरे की वजह से कई ट्रेनों के आगमन में देरी हुई जबकि कई ट्रेनें 50 मिनट से 10 घंटों की देरी से चल रही थीं।

पंजाब और हरियाणा में कई जगहों पर भारी ठंड है । तीन डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के साथ अमृतसर सबसे ठंडी जगह रहा जबकि चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब के लुधियाना और पटियाला में न्यूनतम तापमान क्रमश: 9.3 डिग्री एवं 9.6 डिग्री सेल्सियस जबकि हरियाणा के नारनौल में चार डिग्री और हिसार में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नारनौल हरियाणा में सबसे ठंडी जगह रहा। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा जबकि लद्दाख क्षेत्र का करगिल कल रात तापमान शून्य से 11.0 डिग्री सेल्सियस कम रहने के साथ कश्मीर संभाग में सबसे ठंडी जगह रहा।

हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय पर्यटन स्थल कड़ाके की ठंड की चपेट में रहे जिसकी वजह से पर्यटक और स्थानीय लोग बिजली-पानी के बिना वहां फंसे रहे। कुल्लू जिले के मनाली से आगे का इलाका और कन्नौर जिले के तपरी का तीसरे दिन भी संपर्क टूटा रहा जबकि मनाली-कीरतपुर सड़क के खुलने के बाद मनाली में फंसे सैकड़ों लोगों को बाहर निकाला गया।

उपरी क्षेत्र के आदिवासी इलाकों में भीषण ठंड की दशाएं रहीं। स्पीति जिले के केलोंग में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस कम जबकि मनाली और कल्पा में क्रमश: शून्य से 4.2 और 3.8 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

Trending news