Trending Photos
नई दिल्ली : पूरे उत्तर भारत के लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली सहित कई जगहों पर तापमान में गिरावट दर्ज की गई जबकि घने कोहरे से सड़क, रेल तथा हवाई यातायात बुरी तरह बाधित हुआ है। सोमवार को दिल्ली और एनसीआर में जबरदस्त कोहरा छाया रहा और तापमान और लुढ़क गया।
मौसम विभाग ने आज कहा कि आने वाले दिनों में दिल्ली में सदी और जारी रहेगी और 4 जनवरी तक घने कोहरे की संभावना है। पहली जनवरी को दिल्ली में बारिश की संभावना भी जताई गई है। वहीं, रांची में ठंड ने पिछले 50 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है।
रविवार को दिल्ली में पांच साल का सबसे कम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली में दिल्ली में कड़ाके की पड़ रही ठंड ने रविवार को तीन लोगों की जान ले ली जबकि उपराज्यपाल नजीब जंग ने अधिकारियों से कहा कि उन सभी लोगों को आश्रय मुहैया कराया जाए जो खुले आसमान के नीचे रात गुजारते हैं। एक गैर सरकारी संगठन के अनुसार, तीन बेघर लोगों के शव पाए गए हैं और इस बारे में अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में सुबह के वक्त हवाई अड्डे पर घने कोहरे के कारण 73 विमानों की आवाजाही में देरी हुई जबकि 17 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का रास्ता बदलना पड़ा और छह को रद्द किया गया, जबकि उत्तरी क्षेत्र में 80 से अधिक ट्रेनें देरी से चल रही हैं। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को मौसम ने पिछले पांच साल के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया और पारा सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे गिरकर 2.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जबकि अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम था।
मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि यह तापमान दिल्ली का पिछले पांच साल में सबसे कम तापमान है। हो सकता है कि यह पिछले एक दशक का भी सबसे कम हो लेकिन फिलहाल इस संबंध में तुरंत आंकड़े उपलब्ध नहीं हो पाए हैं। दिल्ली का अब तक का सबसे कम तापमान 26 दिसंबर 1945 को मात्र 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार, ठंड से सोमवार को भी राहत मिलने की संभावना नहीं है और न्यूनतम तापामान तीन डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की भविष्यवाणी की गई है।