'लोकतंत्र बचाओ' मार्च: सोनिया के नेतृत्व में कांग्रेस ने मोदी सरकार पर बोला हमला
Advertisement

'लोकतंत्र बचाओ' मार्च: सोनिया के नेतृत्व में कांग्रेस ने मोदी सरकार पर बोला हमला

केंद्र की बीजेपी नीत गठबंधन सरकार और विपक्ष के बीच ऑगस्‍टा वेस्टलैंड मामले समेत विभिन्न मामलों को लेकर हो रहे जबरदस्त टकराव के बीच कांग्रेस ने शुक्रवार को जंतर मंतर पर ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च निकाला। इन मामलों को लेकर संसद में हो रहे टकराव के बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली में मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला।

'लोकतंत्र बचाओ' मार्च: सोनिया के नेतृत्व में कांग्रेस ने मोदी सरकार पर बोला हमला

नई दिल्‍ली : केंद्र की बीजेपी नीत गठबंधन सरकार और विपक्ष के बीच ऑगस्‍टा वेस्टलैंड मामले समेत विभिन्न मामलों को लेकर हो रहे जबरदस्त टकराव के बीच कांग्रेस ने शुक्रवार को जंतर मंतर पर ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च निकाला। इन मामलों को लेकर संसद में हो रहे टकराव के बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली में मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। केंद्र सरकार के खिलाफ निकाले गए इस मार्च के दौरान अपने संबोधन में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, वरिष्ठ नेता और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

मार्च के दौरान संसद मार्ग थाने में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मनमोहन सिंह सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने संसद मार्ग थाने में अपनी गिरफ्तारियां दी, जिन्‍हें कुछ देर के बाद रिहा कर दिया गया। वहीं, इस रैली में सबका ध्यान उन पोस्‍टरों की ओर भी गया, जिसमें रॉबर्ट वाड्रा की तस्वीर थी। पोस्टर में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ रॉबर्ट वाड्रा की तस्वीर लगाई गई थी।

आक्रामक तेवर लिए सोनिया गांधी ने शुक्रवार को मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि मोदी सरकार लोकतंत्र की ‘हत्या’ कर रही है और विपक्ष के खिलाफ ‘बेबुनियाद आरोपों’ का अभियान छेड़ रखा है। सोनिया के नेतृत्व में कांग्रेसजन आज सड़कों पर उतरे और संसद की ओर मार्च करने के क्रम में शीर्ष कांग्रेस नेताओं ने अपनी गिरफ्तारी दी।

कांग्रेस प्रमुख के साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और वरिष्ठ पार्टी नेताओं को गिरफ्तार किया गया। सोनिया ने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि जिस तरह सरकार काम कर रही है, उसके दिन गिनती के हैं।

सोनिया ने जंतर मंतर पर आयोजित पार्टी की ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली में कहा कि हमें डराने-धमकाने या बदनाम करने की कोशिश न करें, जिंदगी ने मुझे संघर्ष करना सिखाया है। कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि हमने ढेर सारी चुनौतियों का सामना किया है। वे नहीं जानते कि हम किस चीज के बने हैं। सोनिया ने जोर दे कर कहा कि कांग्रेस संसद के अंदर और बाहर ‘पूरी ताकत के साथ’ एक ‘सतर्क’ विपक्ष की भूमिका निभाएगी। उन्होंने पार्टीजन से कहा कि वे मोदी सरकार को ‘बेनकाब’ करें। संसद भवन की तरफ मार्च करने से रोके जाने के बाद राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद, लोकसभा में पार्टी नेता मलिकार्जुन खड़के और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने गिरफ्तारी दी। इसके बाद भारी पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को रोका। गिरफ्तारी देने वाले नेताओं को कुछ समय बाद छोड़ दिया गया था।

सोनिया ने कहा कि उन्हें अच्छी तरह से यह बात समझनी चाहिए कि जब मामला बरदाश्त से बाहर हो जाता है तो हिंदुस्तान के लोग जानते हैं कि उन्हें कैसे सबक सिखाना है। कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि मोदी सरकार जिस तरह जनादेश के साथ खिलवाड़ कर रही है, ऐसा लगता है कि उसके दिन गिनती के हैं। इस रैली में मनमोहन सिंह और राहुल गांधी ने भी अरूणाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कांग्रेस सरकारों को गिराने के मुद्दे पर मोदी सरकार पर हमले किए। ऐसा लगता है कि जब सोनिया ने यह आरोप लगाते हुए मोदी सरकार पर हमला बोला कि उसने ‘विपक्षी पार्टियों के नेताओं के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाने का यह खेल’ शुरू किया है तो उनके दिमाग में अगस्तावेस्टलैंड का मुद्दा था।

कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि लेकिन मैं उन्हें बताना चाहूंगी कि वे कांग्रेस को एक कमजोर ताकत मानने की गलती नहीं करें। कांग्रेस कभी नाइंसाफी के सामने झुकने नहीं जा रही है। हम आने वाले दिनों में, संसद के अंदर और बाहर भी (दोनों जगह) पूरे जोर-शोर से एक सतर्क विपक्ष की भूमिका निभाएंगे और नाइंसाफी से लड़ेंगे। सोनिया ने कहा कि जिस तरह केन्द्र ने अरूणाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ‘धनबल और बाहुबल से’ कांग्रेस सरकारों को गिराया है ‘उसने ना सिर्फ लोकतंत्र की नींव हिला दी है, बल्कि उसकी हत्या की है।’ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने लोकतंत्र की हत्या की है। आज उत्तराखंड के जंगल जल रहे हैं लेकिन इस आग को बुझाने के लिए कोई सरकार नहीं है। कांग्रेस प्रमुख ने अपनी पार्टी के सदस्यों से अपील की कि वे ‘जनता के बीच जाएं और मोदी सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से बेनकाब करें।’

सोनिया ने कहा कि कांग्रेस सत्तारूढ़ पार्टी को देश के लोकतांत्रिक संस्थानों को ‘नष्ट’ करने की इजाजत नहीं देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म, प्रदेश, भाषा और खान-पान के आधार पर लोगों को बांटने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि अल्पसंख्यक डर के माहौल में रह रहे हैं और पंचायती राज संस्थाओं के कानूनों में तब्दीली कर दलितों, महिलाओं और आदिवासियों के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने आरएसएस का नाम लिए बगैर संघ परिवार पर हमले किए और आरोप लगाया कि नागपुर से मोदी सरकार का रिमोट कंट्रोल किया जा रहा है। मोदी सरकार पर ‘लोकतंत्र की हत्या करने और लोकतांत्रिक संस्थानों को नष्ट करने’’ का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि मैं यह स्पष्ट तौर पर कहना चाहती हूं कि आप लोकतंत्र को नष्ट करने के लिए कोई भी प्रयास कर लीजिए, हम ऐसा होने नहीं देंगे। हम संघर्ष करने के आदि हो चुके हैं और हमने पूर्व में कई चुनौतियों का सामना किया है।’ सोनिया ने कहा कि कांग्रेस के लिए संघर्ष कोई नई बात नहीं है। हमने देश के लिए खून बहाया है। हम वे लोग हैं, जिन्होंने मूलभूत सिद्धांतों की रक्षा के लिए अपना खून दिया है और जिंदगियां कुर्बान की हैं। हम इससे पीछे नहीं हटेंगे।’ उन्होंने कहा कि ‘विपक्ष को परेशान करने और उसे बदनाम करने’ की कोशिशों के बावजूद कांग्रेस नहीं झुकेगी।

मनमोहन सिंह ने मोदी के ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ अभियान पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ‘भारत की आत्मा है।’ पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे वक्त में जब लोकतांत्रिक संस्थाओं, विश्वविद्यालयों और अदालतों पर ‘जबरदस्त हमले किए जा रहे हैं,’ सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ मिल कर काम करते हुए सत्ता में बैठे लोगों के ‘मंसूबे’ नाकाम करना हर पार्टी सदस्य का फर्ज है। सिंह ने यह भी अंदेशा जताया कि मोदी सरकार मणिपुर, मिजोरम, मेघालय और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के नेतृत्व वाली निर्वाचित सरकारों को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है। पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस गंगा की तरह है। चाहे जो भी झूठे आरोप लगाए जाएं, यह अपनी राह से नहीं डिगेगी। सोनिया ने कहा कि आजादी के वक्त से ही कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं के निर्माण में अग्रणी रही है और वह लोकतंत्र के खातिर कोई कुर्बानी देने से नहीं हिचकेगी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वे किसी को भी राष्ट्रविरोधी घोषित कर देते हैं। उनसे जो सहमत नहीं होता उन्हें निशाना बनाया जाता है। सोनिया ने कहा कि उनकी पार्टी को बखूबी पता है कि ‘राष्ट्रविरोधी’ ताकतों से कैसे निपटना है। कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि भाजपा पिछले दो साल में अपनी नाकामी से लोगों का ध्यान हटाने के लिए विपक्षी पार्टियों पर अनर्गल आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि यह ‘झूठ बोल कर अफवाहें फैलाने और चरित्र हनन करने की उनकी पुरानी रणनीति है।’ सोनिया ने महंगाई का मुद्दा भी बुलंद किया और कहा कि इससे सबसे ज्यादा महिलाएं और गरीब प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि उन्होंने झूठे सपने दिखा कर सत्ता हासिल की है। और सत्ता हासिल करने के बाद, उनकी सत्ता की भूख बढ़ती ही जा रही है। और यह उन्हें कांग्रेस सरकारों को गिराने तक ले गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाए कि अल्पसंख्यकों के जेहन में खौफ पैदा किया जा रहा है और समाज को धर्म, भाषा और क्षेत्रों के आधार पर बांटा जा रहा है जबकि छात्रों के साथ नाइंसाफी की जा रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस के प्रमुख मोहन भागवत पर तीखा हमला बोलते हुए आज कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश में सिर्फ दो लोगों का ही आदेश चलता है और जो उनके खिलाफ खड़ा होता है, उनपर ‘झूठे आरोप’ लगाकर उन्हें निशाना बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि देश का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा सूखे जैसे हालात का सामना कर रहा है और ‘50 किसान हर रोज आत्महत्या कर रहे हैं’ लेकिन प्रधानमंत्री को ‘इस मुद्दे पर कुछ नहीं कहना है’।

पार्टी की ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन लागू करने के मुद्दे पर भी मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार निर्वाचित सरकारों को हटा रही है। उन्होंने कहा कि देश में सिर्फ दो लोगों का आदेश चलता है। वह हैं- मोहन भागवत जी और नरेंद्र मोदी जी। और जो लोग उनके खिलाफ खड़े होते हैं, उनके खिलाफ बोलते हैं, उन्हें झूठे आरोपों का सामना करना पड़ता है। राहुल ने कहा कि मोदी जी ने ‘अच्छे दिन’ का वादा किया था और आज देश सूखे से जूझ रहा है। देश का 40 प्रतिशत हिस्सा सूखे की चपेट में है। हर रोज 50 किसान आत्महत्या कर रहे हैं। लातूर, विदर्भ, बुंदेलखंड जल रहे हैं। और मोदी जी को इस बारे में कुछ नहीं कहना है। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Trending news