गिरफ्तारी के बाद जमानत पर रिहा हुए आप विधायक, कचरा प्रबंधक कंपनी के मैनेजर से मारपीट का आरोप
Advertisement

गिरफ्तारी के बाद जमानत पर रिहा हुए आप विधायक, कचरा प्रबंधक कंपनी के मैनेजर से मारपीट का आरोप

हरीनगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जगदीप सिंह को एक कचरा प्रबंधन कंपनी के प्रबंधक की कथित रूप से पिटाई करने के आरोप में रविवार को गिरफ्तार किया गया, हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।

फाइल फोटो (साभार- फेसबुक)

नई दिल्ली : हरीनगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जगदीप सिंह को एक कचरा प्रबंधन कंपनी के प्रबंधक की कथित रूप से पिटाई करने के आरोप में रविवार को गिरफ्तार किया गया, हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।

पश्चिमी जिले के पुलिस उपायुक्त पुष्पेन्द्र कुमार ने कहा, 'सिंह को भारतीय दंड संहिता की धारा 323 (तकलीफ पहुंचाने), 506 (आपराधिक धमकी) और 341 (गलत तरीके से बंधक बनाना) के आरोप में गिरफ्तार किया गया। बाद में उन्हें जमानत दे दी गई।' हालांकि विधायक ने ट्विटर पर इस पूरे मामले को अफवाह बताया है।

उन्होंने ट्वीट किया, 'मैं घर में हूं, यह सिर्फ अफवाह है।' सिंह पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आप के सातवें विधायक हैं। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने पूर्व कानून मंत्री जितेन्द्र सिंह तोमर, मनोज कुमार, सुरीन्दर सिंह, सोमनाथ भारती, अखिलेश त्रिपाठी और महेन्द्र यादव को गिरफ्तार किया था।

Trending news