अपने सिविल लाइंस निवास पर जन सुनवाई करेंगे केजरीवाल
Advertisement

अपने सिविल लाइंस निवास पर जन सुनवाई करेंगे केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अगले सप्ताह से अपने सरकारी सिविल लाइंस निवास पर जन सुनवाई करेंगे। उनके सहयोगियों ने आज यह जानकारी दी।

नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अगले सप्ताह से अपने सरकारी सिविल लाइंस निवास पर जन सुनवाई करेंगे। उनके सहयोगियों ने आज यह जानकारी दी।

अपने कौशांबी आवास पर 18 फरवरी के बाद से हर सप्ताह बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को लोगों के साथ इस तरह का संवाद कर रहे केजरीवाल विधानसभा के जारी सत्र में अति व्यस्तता के कारण आज की सुनवाई नहीं कर पाए।

आप के कौशांबी कार्यालय में पार्टी के एक कार्यकर्ता ने कहा, ‘हालांकि, कल और बाद वाले दिनों में वह अधिकारियों के साथ उपलब्ध रहेंगे।’ मुख्यमंत्री की गैरमौजूदगी में पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं और अधिकारियों ने शिकायत लेने की जिम्मेदारी उठायी। उम्मीद है कि केजरीवाल नवरात्र के दौरान सिविल लाइंस, 6 फ्लैगस्टाफ रोड पर चार बेडरूम वाले आवास में चले जाएंगे। इस मकान में दो लॉन है, एक ड्राइंग और डायनिंग एरिया तथा दो सर्वेन्ट क्वार्टर है।

बहरहाल, पार्टी कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि अब तक कुल 16 जन सुनवाई में 10,000 आवेदनकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को या तो सीधे या फिर उनके सहयोगियों के जरिए अपनी शिकायतें पहुंचायी। एक कार्यकर्ता ने कहा, ‘केजरीवाल जब अपना आधिकारिक निवास बदलेंगे तब आगंतुकों की संख्या बढ़ जाएगी। अभी मौजूदा जगह पर पहुंचने में दिक्कतें आती है।’

Trending news