मैं पार्टी की आंतरिक राजनीति का शिकार बना : आसिम अहमद खान
Advertisement

मैं पार्टी की आंतरिक राजनीति का शिकार बना : आसिम अहमद खान

भ्रष्टाचार के आरोप पर मंत्री पद से हटाए गए आसिम अहमद खान ने शनिवार को कहा कि वह आप पार्टी की अंदरूनी राजनीति का शिकार हुए हैं और उनके खिलाफ साजिश रची गई है। खान आप सरकार में खाद्य आपूर्ति मंत्री थे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बिल्डर से छह लाख रुपए लेने के आरोप पर खान को मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया।

मैं पार्टी की आंतरिक राजनीति का शिकार बना : आसिम अहमद खान

नई दिल्ली : भ्रष्टाचार के आरोप पर मंत्री पद से हटाए गए आसिम अहमद खान ने शनिवार को कहा कि वह आप पार्टी की अंदरूनी राजनीति का शिकार हुए हैं और उनके खिलाफ साजिश रची गई है। खान आप सरकार में खाद्य आपूर्ति मंत्री थे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बिल्डर से छह लाख रुपए लेने के आरोप पर खान को मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया।

आज एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए खान ने कहा कि उन्होंने पार्टी से ऑडियो क्लिप की मांग की है लेकिन उन्हें अभी तक ऑडियो क्लिप नहीं मिली है।

खान ने कहा, 'ऑडियो क्लिप में एक आवाज मेरी बताई गई है लेकिन दूसरी आवाज (बिचौलिये) किसकी है उसके बारे में कुछ नहीं बताया गया है। इस बिचौलिये का जरूर कोई नाम होगा।'

पूर्व मंत्री ने कहा, 'दूसरी आवाज आप पार्टी की अल्पसंख्यक इकाई के उपाध्यक्ष शकील मलिक की है। मलिक का नाम क्यों छिपाया जा रहा है। मलिक को बिचौलिये के तौर पर क्यों पेश किया गया है?'

खान ने इस पूरे मामले को अपने खिलाफ साजिश करार दिया है। खान ने कहा, 'मैं साफ-सुथरी छवि वाला व्यक्ति हूं। मैं नहीं जानता कि मुझे बलि का बकरा क्यों बनाया जा रहा है। मैं आप पार्टी की आंतरिक राजनीति का शिकार हो गया हूं।' खान ने कहा, 'चूंकि, मैंने कहा है कि मैं पार्टी के खिलाफ कुछ खुलासे करने वाला हूं, तब से मुझे धमकी भरे फोन आ रहे हैं।'

केजरीवाल ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में आसिम को मंत्री पद से हटाए जाने की घोषणा की। केजरीवाल ने कहा, 'उनकी सरकार भ्रष्टाचार बरदाश्त नहीं करेगी। सरकार में चाहे कोई भी हो भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।' दिल्ली के सीएम ने कहा कि भ्रष्टाचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।  

केजरीवाल ने कहा, 'हमें आसिम के खिलाफ शिकायत मिली थी। हमने इस शिकायत की जांच की और जांच के बाद हमने आसिम को कैबिनेट से हटाने का फैसला किया।' केजरीवाल ने आसिम को मंत्री पद से हटाने के साथ ही मामले को सीबीआई के हवाले कर दिया है।

दिल्ली के सीएम ने भ्रष्टाचार को लेकर मध्य प्रदेश और राजस्थान की सरकार पर भी निशाना साधा। केजरीवाल ने पूछा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं, क्या भाजपा अपने इन दोनों मुख्यमंत्रियों को हटाएगी।

 

Trending news