सोमनाथ को आगरा, मथुरा से वापस ले आयी पुलिस
Advertisement

सोमनाथ को आगरा, मथुरा से वापस ले आयी पुलिस

दिल्ली पुलिस आप विधायक सोमनाथ भारती को शनिवार को राजधानी दिल्ली वापस ले आयी। पुलिस सोमनाथ को आगरा और मथुरा में विभिन्न स्थानों पर लेकर गई थी ताकि उनका सामना उन लोगों से कराया जा सके जिन्होंने कथित तौर पर उन्हें छिपने की जगह दी थी।

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस आप विधायक सोमनाथ भारती को शनिवार को राजधानी दिल्ली वापस ले आयी। पुलिस सोमनाथ को आगरा और मथुरा में विभिन्न स्थानों पर लेकर गई थी ताकि उनका सामना उन लोगों से कराया जा सके जिन्होंने कथित तौर पर उन्हें छिपने की जगह दी थी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि बने सिंह के रिश्तेदारों ने भारती को पहचान लिया और बताया कि पूर्व कानून मंत्री गिरफ्तारी से बचने के दौरान उनके आवास पर दो रात रूके थे। पुलिस ने दावा किया कि बने सिंह आगरा में आप का एक प्रमुख नेता है।

इस बीच पुलिस की एक टीम बने सिंह और उसके सहयोगियों की तलाश कर रही है जिनकी पहचान नत्था सिंह, कपिल और सुधीर के तौर पर हुई है। सयुंक्त पुलिस आयुक्त (दक्षिणपश्चिम) दीपेंद्र पाठक ने कहा कि इन सभी पर आरोप है कि इन्होंने विधायक को फरारी के दौरान छिपने की जगह दी थी।

उन्होंने बताया कि भारती का सामना आज रात उनकी पत्नी लीपिका मित्रा से भी कराया जाएगा और उसके बाद उनसे दूसरे दौर की पूछताछ की जाएगी।

भारती को कल आगरा ले जाया गया था। एक दिन पहले उच्चतम न्यायालय ने आप विधायक को अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया था और उनकी पुलिस हिरासत तीन दिन के लिए बढ़ा दी थी।

वहां पर भारती का सामना लाल सिंह से कराया गया। लाल सिंह ने भारती के दूर के रिश्तेदार बने सिंह के खिलाफ इससे पहले आपराधिक विश्वासघात को लेकर पुलिस में एक शिकायत दर्ज करायी थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि लाल सिंह ने भारती को तत्काल ही पहचान लिया और दावा किया कि वह दिल्ली से आये वह ‘मंत्री’ हैं जिनके साथ बने सिंह उनके घर आये थे और उनकी कार ली थी जो कि उन्होंने नहीं लौटायी।

Trending news