गुजरात के नए मुख्यमंत्री की घोषणा आज, नितिन पटेल रेस में सबसे आगे
Advertisement

गुजरात के नए मुख्यमंत्री की घोषणा आज, नितिन पटेल रेस में सबसे आगे

गुजरात के नए मुख्यमंत्री की घोषणा शुक्रवार को की जाएगी। इससे पहले गुरुवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने उम्मीदवार के चुनाव के लिए पार्टी नेताओं के साथ गहन बैठक की। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नितिन पटेल गुजरात के अगले मुख्यमंत्री बन सकते हैं।

गुजरात के नए मुख्यमंत्री की घोषणा आज, नितिन पटेल रेस में सबसे आगे

अहमदाबाद : गुजरात के नए मुख्यमंत्री की घोषणा शुक्रवार को की जाएगी। इससे पहले गुरुवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने उम्मीदवार के चुनाव के लिए पार्टी नेताओं के साथ गहन बैठक की। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नितिन पटेल गुजरात के अगले मुख्यमंत्री बन सकते हैं।

भाजपा संसदीय बोर्ड ने दिल्ली में बुधवार को हुई बैठक में मुख्यमंत्री पद से आनंदी बेन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था। इसके साथ ही नए मुख्यमंत्री की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है जो 2017 विधानसभा चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करेगा। गुजरात भाजपा के अध्यक्ष और प्रदेश के परिवहन मंत्री विजय रूपानी ने कहा कि शुक्रवार शाम गांधीनगर स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के विधायकों और पदाधिकारियों की बैठक होगी और वहीं नए मुख्यमंत्री की घोषणा होगी।

शाह के आवास पर हुई लंबी चर्चा के बाद रूपानी ने कहा, ‘अमित शाह के अलावा, पार्टी के सभी विधायक, पदाधिकारी और हमारे पर्यवेक्षक नितिन गडकरी तथा सरोज पांडेय बैठक में शामिल होंगे।’  गुरुवार को अमित शाह अपने आवास पर प्रदेश भाजपा के नेताओं और मंत्रियों के साथ बैठकों में व्यस्त रहे।

मुख्यमंत्री पद के मुख्य दावेदार माने जा रहे स्वास्थ्य मंत्री नितिन पटेल गुजरात भाजपा के अध्यक्ष और प्रदेश के परिवहन मंत्री विजय रूपानी के साथ हुई पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की बैठक में भी शामिल थे। संवाददाताओं द्वारा सवाल करने पर कि क्या वह मुख्यमंत्री पद स्वीकार करेंगे, सीधा जवाब देने से बचते हुए पटेल ने कहा, ‘पार्टी जिसे भी चुने, हम सभी साथ मिलकर काम करेंगे।’ 

मुख्यमंत्री पद के लिए जिनके नाम सामने आ रहे हैं वे हैं कैबिनेट में नंबर दो नितिन पटेल, केन्द्रीय मंत्री पुरूषोत्तम रूपाला और विधानसभा अध्यक्ष तथा आदिवासी नेता गनपत वासवा। पहले रूपानी का नाम भी सामने आया था लेकिन उन्होंने संकेत दिया कि वह इस दौड़ में शामिल नहीं हैं और वर्तमान काम से बहुत संतुष्ट हैं। इसके बाद नितिन पटेल मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं।

Trending news