2022 तक भारत के गगनयान से अंतरिक्ष में भेजे जाएंगे 1 महिला और 2 पुरुष
Advertisement

2022 तक भारत के गगनयान से अंतरिक्ष में भेजे जाएंगे 1 महिला और 2 पुरुष

मंगलवार को यह जानकारी अंतरिक्ष एवं परमाणु ऊर्जा राज्‍यमंत्री जितेंद्र सिंह और इसरो के चेयरमैन के शिवन ने दी.

फाइल फोटो

नई दिल्‍ली : भारत 2022 तक एक महिला और दो पुरुषों को अंतरिक्ष में भेजने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने रूपरेखा भी तैयार कर ली है. यह भारत का पहला मानवयुक्‍त अंतरिक्ष अभियान होगा. गगनयान नाम से शुरू होने वाले अंतरिक्ष अभियान में तीनों ही भारतीय अंतरिक्ष यात्री एक सप्‍ताह तक अंतरिक्ष में रहेंगे.

मंगलवार को यह जानकारी अंतरिक्ष एवं परमाणु ऊर्जा राज्‍यमंत्री जितेंद्र सिंह और इसरो के चेयरमैन के शिवन ने दी. बता दें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्‍त को इस अभियान की घोषणा की थी.

आजादी की 75वीं वर्षगांठ से पहले मिलेगी उपलब्धि
इसरो के चेयरमैन के शिवन ने बताया कि तीनों अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष में करीब सात दिनों तक रहेंगे. इसके बाद चालक दल तीनों अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर गगनयान के जरिये अरब सागर, बंगाल की खाड़ी या जमीन के किसी हिस्‍से पर उतर सकता है. उन्‍होंने कहा कि यह उपलब्धि देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ से छह महीने पहले ही हासिल कर ली जाएगी.

राकेश शर्मा से लेंगे मदद
के शिवन ने कहा है कि इस अभियान के लिए देश के पहले अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा से भी मदद ली जा सकती है. बता दें कि राकेश शर्मा पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री थे, जो 1984 में रूस के सोयुज टी-11 अंतरिक्ष यान से अंतरिक्ष गए थे. 2022 में अंतरिक्ष में भेजे जाने वाले तीनों अंतरिक्ष यात्रियों का चयन भारतीय वायुसेना और इसरो संयुक्‍त रूप से करेंगे. माना जा रहा है कि इस अभियान में पायलटों या इंजीनियरों को शामिल किए जाने पर जोर रहेगा. अंतरिक्ष यात्रियों के चयन के बाद उन्‍हें दो से तीन साल तक ट्रेनिंग दी जाएगी.

चौथा सफल देश होगा भारत
इसरो के मुताबिक सात टन वजनी, सात मीटर ऊंचे और करीब चार मीटर के व्‍यास की गोलाई वाले गगनयान को जीएसएलवी एमके3 के जरिये अंतरिक्ष में प्रक्षेपित किया जाएगा. प्रक्षेपित करने के बाद यह 16 मिनट में कक्षा में पहुंच जाएगा. गगनयान को पृथ्‍वी की सतह से 300-400 किमी की दूरी वाली कक्षा में स्‍थापित किया जाएगा. अगर भारत अपने इस मानवयुक्‍त अभियान में सफल होता है तो हम उन अमेरिका, रूस और चीन के बाद चौथे सफल देश बन जाएंगे. इसरो ने यह भी बताया कि इस मानवयुक्‍त अंतरिक्ष अभियान की तैयारी 2004 से चल रही थी.

जनवरी में चंद्रयान-2 होगा लॉन्‍च
भारत अगले साल यानी 2019 में जनवरी में अपना महत्‍वाकांक्षी अभियान चंद्रयान-2 लॉन्‍च कर सकता है. योजना के अनुसार भारत चंद्रयान 2 को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचाएगा. ऐसा करने वाला भारत विश्‍व का पहला देश बनकर इतिहास रच देगा. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चेयरमैन के सिवन ने मंगलवार को इस अभियान की जानकारी देते हुए बताया 'जनवरी 2019 में हम अपने बड़े अभियान चंद्रयान-2 को जीएसएलवी एमके-3-एम1 से लॉन्‍च करेंगे.'

इसरो चेयरमैन ने कहा 'हमने इस अभियान के लिए पूरे देश के विशेषज्ञों से समीक्षा करवाई और उनके विचार जाने. उन सभी ने हमारे कार्य की सराहना की और कहा कि यह इसरो के लिए अब तक का सबसे जटिल अभियान है.'

Trending news