भाजपा से समन्वय के लिए आरएसएस का नया चेहरा कृष्ण गोपाल
Advertisement

भाजपा से समन्वय के लिए आरएसएस का नया चेहरा कृष्ण गोपाल

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भाजपा के साथ समन्वय का दायित्व अब अपने सह सरकार्यवाह कृष्ण गोपाल को दिया है जो सुरेश सोनी की जगह लेंगे। बताया जाता है कि सोनी के पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ समीकरण बहुत अच्छे नहीं थे।

नई दिल्ली : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भाजपा के साथ समन्वय का दायित्व अब अपने सह सरकार्यवाह कृष्ण गोपाल को दिया है जो सुरेश सोनी की जगह लेंगे। बताया जाता है कि सोनी के पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ समीकरण बहुत अच्छे नहीं थे।

आरएसएस के शीर्ष पदाधिकारियों ने गोपाल को यह जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय किया है। उन्होंने इससे पहले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश एवं बिहार जैसे प्रमुख राज्यों में भाजपा के साथ समन्वय करते हुए काफी काम किया था।

आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख मनमोहन वैद्य ने बताया, ‘आरएसएस ने कृष्ण गोपाल को पार्टी (भाजपा) के साथ समन्वय के लिए पार्टी का नया समन्वयक बनाया है।’

वैद्य ने कहा कि अब आगे से भाजपा से संबंधित सभी मामलों से निबटने के लिए गोपाल संघ के प्रतिनिधि होंगे। उत्तर प्रदेश से आने वाले गोपाल पीएचडी कर चुके हैं और उन्हें बुद्धिजीवी माना जाता है। उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी को बड़ी सफलता दिलाने के मकसद से उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड एवं बिहार में अमित शाह जैसे भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ मिलकर काम किया था। उन्हें अभी तक आरएसएस ने गुवाहाटी में जिम्मेदारी दे रखी थी।

लखनउ में आज से संघ के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की 10 दिवसीय बैठक शुरू हुई जिसमें संघ के वरिष्ठ नेता भाग ले रहे हैं। यह संघ की सर्वोच्च नीति निर्माण संस्था है। इस बैठक में अन्य मुद्दों के साथ साथ संघ के भाजपा से संबंधों के बारे में भी विचार विमर्श होगा। बैठक के अंत में आरएसएस निर्णय करेगा जिनके आधार पर उसकी भावी योजनाएं एवं रणनीतियां तैयार की जायेंगी।

सोनी भी संघ के सह सरकार्यवाह हैं और उन्हें कोई अन्य जिम्मेदारी दी जा सकती है।

Trending news