'29 नवंबर को मनाएंगे जीत का जश्न'
Advertisement

'29 नवंबर को मनाएंगे जीत का जश्न'

मध्य प्रदेश में हुए उपचुनावों में बीजेपी को मिली जीत का पार्टी जश्न नहीं मनाएगी। पार्टी 29 नवंबर को इस जीत को सेलिब्रेट करेगी, पढ़िए पूरी ख़बर।

'29 नवंबर को मनाएंगे जीत का जश्न'

भोपाल: मध्य प्रदेश में शहडोल और नेपानगर उपचुनावों में शानदार जीत हासिल करने के बाद पार्टी ने जश्न नहीं मनाने का फ़ैसला किया है।

इस दौरान ये भी फ़ैसला किया गया कि जीत के बाद बड़े नेता ना तो माला पहनेंगे और ना ही कार्यकर्ता ढोल नगाड़े बजाएंगे और ना ही पटाखे छोड़े जाएंगे।

दरअसल मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नरेश यादव के निधन के बाद ये फ़ैसला किया गया है।

लेकिन भोपाल बीजेपी कार्यालय में जीत के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के लिए शिवराज सिंह चौहान अपने कैबिनेट के साथियों के साथ पहुंचे। 

इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार सिंह चौहान ने एलान किया कि पार्टी कार्यकर्ता 29 नवंबर को प्रदेश भर में दिवाली मनाएंगे।

29 नवंबर को क्यों मनाया जाएगा जश्न?

भोपाल बीजेपी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार सिंह चौहान ने एलान किया 29 नवंबर को शिवराज सरकार के 11 साल पूरे हो रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि पूर्व राज्यपाल राम नरेश यादव के निधन के बाद पार्टी ने जीत का जश्न नहीं मनाने का फ़ैसला किया है।

नंदकुमार सिंह चौहान ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इन चुनावों में कांग्रेस ने पूरा ज़ोर लगाया लेकिन कोई काम नहीं आया।

उन्होंने कहा कि कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, अरुण यादव और दिग्विजय सिंह ने डेरा डाल लिया था।

उन्होंने कहा कि एक शिवराज सब पर भारी साबित हुए। चौहान ने कहा कि शिवराज की लोकप्रियता दिनों दिन बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि उन्होंने लोगों को शिवराज को सुनने के लिए उमड़ते देखा है। ये जीत हमें और मेहनत करने का संकेत देती है, जीत हमारा उत्साह बढ़ाती है।

चौहान ने कहा कि शिवराज के नेतृत्व में हम चौथी बार सरकार बनाएंगे। कार्यकर्ताओं को इसी मिशन के लिए काम करना है।

गांव-गांव में जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे। साथ ही चौहान ने एलान किया कि इसी दिन से एक महाअभियान शुरू किया जाएगा जहां से मिशन 2018 की शुरुआत की जाएगी। 

Trending news