धर्मेंद्र प्रधान बोले, 'मध्य प्रदेश में चुनाव के लिए बीजेपी है तैयार, शिवराज फिर बनेंगे सीएम'
Advertisement

धर्मेंद्र प्रधान बोले, 'मध्य प्रदेश में चुनाव के लिए बीजेपी है तैयार, शिवराज फिर बनेंगे सीएम'

चुनाव आयोग ने आज (6 अक्‍टूबर) पांच राज्‍यों छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव की तारीखों का ऐलान किया. 

मध्‍य प्रदेश, राजस्‍थान, छत्‍तीसगढ़ और मिजोरम में 15 दिसंबर से पहले चुनावी प्रक्रिया पूरी की जानी है.

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश में बीजेपी के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने चुनाव आयोग द्वारा चुनाव की तारीखें घोषित करने पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी पूरी तरह से तैयार है. चुनाव की तारीखों से कोई फर्क नहीं पड़ेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिवराज सिंह एक बार फिर से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे. बता दें कि चुनाव आयोग ने आज (6 अक्‍टूबर) पांच राज्‍यों छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव की तारीखों का ऐलान किया. 
 
मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त ओपी रावत ने कहा कि मध्‍य प्रदेश, राजस्‍थान, छत्‍तीसगढ़ और मिजोरम में 15 दिसंबर से पहले चुनावी प्रक्रिया पूरी की जानी है. चार राज्‍यों में आज (6 अक्‍टूबर) से ही तत्‍काल प्रभाव से आचार संहिता लागू हो गई है. 11 दिसंबर को सभी राज्‍यों में मतगणना होगी. उनके अनुसार सभी राज्‍यों में विधानसभा चुनाव कराने को लेकर तैयारियों हो गई हैं. 
 
ये है चुनाव कार्यक्रम :
 
1. 16 अक्‍टूबर को छत्‍तीसगढ़ में चुनावों की अधिसूचना जारी होगी. राज्‍य में दो चरणों में चुनाव होंगे. यहां पहले चरण की वोटिंग 12 नवंबर को होगी. वहीं दूसरे चरण में 20 नवंबर को वोटिंग होगी. 26 अक्‍टूबर तक नामांकन होगा. 
 
2. 28 नवंबर को मध्‍य प्रदेश और मिजोरम में चुनाव होंगे. मध्‍य प्रदेश में दो नवंबर को चुनावों की अधिसूचना जारी होगी. 9 नवंबर तक राज्‍य में नामांकन कराया जा सकेगा.
 
3. तेलंगाना और राजस्‍थान में 7 दिसंबर मतदान होगा.
 
4. मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त ओपी रावत ने पांच राज्‍यों में विधानसभा चुनावों के अलावा कर्नाटक की तीन सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का भी ऐलान किया. उनके मुताबिक कर्नाटक की शिमोगा, बेल्‍लारी और मांड्या सीटों पर 3 नवंबर को उपचुनाव कराया जाएगा. 
 
5 राज्‍यों में यह है विधानसभा की स्थिति
 
राज्य                विधानसभा सीटें        लोकसभा सीटें
मिजोरम                    40                            01
छत्‍तीसगढ़                 90                            11
मध्‍य प्रदेश                 230                          29
राजस्‍थान                   200                          25
तेलंगाना                    119                           17
 
कहां कितनी सीटें
इन विधानसभा चुनावों में छत्तीसगढ़ में 90 सीटों पर मौजूदा मुख्‍यमंत्री रमन सिंह की परीक्षा होगी. वहीं भाजपा के मजबूत राज्‍य कहे जाने वाले मध्य प्रदेश में भी शिवराज सिंह चौहान अपने चौथे कार्यकाल के लिए दमखम लड़ाएंगे. मध्य प्रदेश में विधानसभा की 230 सीटें हैं. मिजोरम में 40 विधानसभा सीटें हैं, जबकि राजस्‍थान में 200 विधानसभा सीटें हैं.

ये भी देखे

Trending news