रिमझिम बारिश, कोहरे और सर्दी के बीच गर्मजोशी से मना राष्ट्रीय पर्व
Advertisement

रिमझिम बारिश, कोहरे और सर्दी के बीच गर्मजोशी से मना राष्ट्रीय पर्व

जनवरी की सर्दी की रिमझिम बारिश और कोहरे के बीच आज राष्ट्र ने अपना 66वां गणतंत्र दिवस खूब गर्मजोशी से मनाया, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की मौजूदगी में ऐतिहासिक राजपथ पर देश की मजबूत सैन्य क्षमता, विभिन्न क्षेत्रों में अर्जित उपलब्धियों, आधुनिक सैन्य उपकरणों, विविध सांस्कृतिक और सामाजिक परंपराओं के अलावा सरकार की आत्मनिर्भरता तथा स्वदेशीकरण का प्रदर्शन किया गया।

नई दिल्ली : जनवरी की सर्दी की रिमझिम बारिश और कोहरे के बीच आज राष्ट्र ने अपना 66वां गणतंत्र दिवस खूब गर्मजोशी से मनाया, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की मौजूदगी में ऐतिहासिक राजपथ पर देश की मजबूत सैन्य क्षमता, विभिन्न क्षेत्रों में अर्जित उपलब्धियों, आधुनिक सैन्य उपकरणों, विविध सांस्कृतिक और सामाजिक परंपराओं के अलावा सरकार की आत्मनिर्भरता तथा स्वदेशीकरण का प्रदर्शन किया गया।

ओबामा के रूप में पहली बार भारत के इस राष्ट्रीय पर्व के साक्षी बने अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ ही राजपथ से लेकर ऐतिहासिक लालकिले के दोनो ओर मौजूद देश विदेश के सैकड़ों गणमान्य लोगों और लाखों आम नागरिकों ने बेहद खुशगवार माहौल के बीच देश की सैन्य ताकत और सांस्कृतिक विरासत के प्रदर्शन को गर्व के साथ देखा। राजपथ से लालकिले तक मानों देश के गौरव की गाथा लिखी गई थी। सुरक्षा के लिए अभूतपूर्व व्यवस्था की गई थी लेकिन इससे लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई।

सैन्य एवं रक्षा उपकरणों, सेना के तीनों अंगों की विविध टुकड़ियों की कदमताल, देशभर की सांस्कृतिक विरासत और विविध योजनाओं एवं उपलब्धियों की झलक दिखाने वाली झांकियां, जांबाज बच्चों के कारनामों, लोकनर्तकों की टोलियां और स्कूली बच्चों के दस्तों ने अपनी मौजूदगी से राष्ट्रीय पर्व की इस गौरवमयी सुबह को यादगार बना दिया।

आज की गणतंत्र दिवस परेड का समारोह इंडिया गेट पर अमर जवान ज्योति से शुरू हुआ, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को राष्ट्र की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की। मातृभूमि की सेवा में बलिदान देने वाले सशस्त्र बलों के जवानों के अदम्य साहस की स्मृति में अमर जवान ज्योति पर हमेशा लौ प्रज्ज्वलित रहती है। उलटी करके रखी गई राइफल और उसपर टंगी सैनिक टोपी अमर जवानों के बलिदान का प्रतीक है। कृतज्ञ राष्ट्र हर वर्ष इस राष्ट्रीय पर्व पर उनके बलिदानों का स्मरण करता है, जिनकी वजह से हमें आजादी का यह वरदान मिला।

राजपथ पर बने राष्ट्रपति के सलामी मंच की विशिष्ट दीर्घा में ओबामा के अलावा उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी, केन्द्रीय मंत्रियों में मनोहर पर्रिकर, राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, अरूण जेटली, वेंकैया नायडू, स्मृति ईरानी, प्रकाश जावड़ेकर, उमा भारती, नरेन्द्र सिंह तोमर के अलावा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और अन्य राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता मौजूद थे।

बारिश की बौछारों ने इस साल गणतंत्र दिवस समारोह में एक नया रंग बिखेर दिया और इस जश्न के गवाह बनने के लिए दर्शक बड़ी संख्या में यहां पहुंचे। बारिश का कोई पूर्वानुमान व्यक्त नहीं किया गया था, लेकिन कल राजस्थान के उपर कम दबाव का क्षेत्र बन जाने के कारण आज यहां हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, शहर में सुबह साढ़े आठ बजे तक लगभग 1.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अगले तीन दिन तक मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है।

Trending news