सारदा घोटाला : ममता ने कहा-यदि हम पर वार होता है तो हम जवाब देंगे
Advertisement

सारदा घोटाला : ममता ने कहा-यदि हम पर वार होता है तो हम जवाब देंगे

सारदा चिटफंड घोटाला केस में तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य श्रृंजय बोस की गिरफ्तारी के एक दिन बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। ममता ने शनिवार को कहा कि हम पर वार होता है तो हम जवाब देंगे।

सारदा घोटाला : ममता ने कहा-यदि हम पर वार होता है तो हम जवाब देंगे

ज़ी मीडिया ब्यूरो

कोलकाता : सारदा चिटफंड घोटाला केस में तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य श्रृंजय बोस की गिरफ्तारी के एक दिन बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। ममता ने शनिवार को कहा कि हम पर वार होता है तो हम जवाब देंगे। केंद्रीय जांच ब्यूरो ने शुक्रवार को टीएमसी सांसद बोस को गिरफ्तार किया।

भाजपा के इस आरोप पर कि चिटफंड धोटाले में टीएमसी संलिप्त है, ममता ने नेताजी इनडोर स्टेडियम में कहा, 'मुझे भाजपा से चरित्र प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है...बंगाल के लोगों को मेरी विश्वसनीयता के बारे में पता है।'

मुख्यमंत्री ने कहा, 'श्रृंजय बोस को गिरफ्तार किया गया क्योंकि मैं धर्मनिरपेक्षता पर आयोजित सम्मेलन में शामिल हुई। मैं धर्मनिरपेक्ष मोर्चे में हजार बार शामिल हुंगी। अगर हम पर वार होता है तो हम जवाब देंगे। हम सभी चुनौतियों को स्वीकार करते हैं।'

ममता ने सीबीआई पर हमला करते हुए कहा कि उच्चतम न्यायालय ने इसकी विश्वसनीयता पर टिप्पणी की है। देश को चलाना आसान नहीं है। देश से प्रेम करना पड़ता है। पिछले छह महीनों में हर जगह दंगे हो रहे हैं। ममता ने केंद्र को पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लागू करने की चुनौती दी।

ममता ने पार्टी की एक बैठक में कहा, ‘उन्हें मुझे जेल भेजने दीजिए, मैं इसे देखूंगी। मैं देखूंगी कि वहां कितनी बड़ी जेल है।’ बैठक में पार्टी के सांसद, विधायक और मंत्री भी शामिल हुए। ममता ने मोदी सरकार पर जोरदार हमला बोला तथा उनके तथा उनकी पार्टी के खिलाफ ‘प्रतिशोध’ लेने का आरोप लगाया। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र को राष्ट्रपति शासन लगाने तथा उन्हें गिरफ्तार करने की चुनौती दी।

उन्होंने कहा, ‘मैं उन्हें राष्ट्रपति शासन लगाने की चुनौती देती हूं। हम मतपत्रों के जरिए उसका जवाब देंगे। हम सत्ता के गुलाम नहीं हैं। हम सिर्फ लोगों के लिए काम करते हैं। हम अपने खिलाफ चुनिंदा तरीके से प्रतिशोध के खिलाफ प्रदर्शन आयोजित करेंगे।’ ममता ने कहा, ‘वे विरोध की सभी आवाजों को शांत करा देना चाहते हैं। वे मुझसे भयभीत हैं, इसलिए वे साजिश में लगे हैं।’

ममता ने कहा, ‘राजनीतिक प्रतिशोध के खिलाफ हमारी लड़ाई शुरू हो गयी है। उन्होंने हम पर प्रहार किया है, हम राजनीतिक रूप से जवाब देंगे।’ नेताजी इंडोर स्टेडियम में विभिन्न जिलों से हजारों पार्टी कार्यकर्ता एकत्र हुए थे। कुछ पार्टी कार्यकर्ता स्टेडियम के बाहर भी जमा थे। पार्टी सांसद श्रृंजय बोस की शुक्रवार को हुई गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए ममता ने दावा किया कि भाजपा वास्तव में उन्हें निशाना बना रही है क्योंकि वह जवाहरलाल नेहरू की 125वीं जयंती के मौके पर दिल्ली में कांग्रेस द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुयी थीं।

उन्होंने कहा, ‘धर्मनिरपेक्ष दलों की एक सभा में शामिल होने के लिए मैं दिल्ली गयी, सिर्फ इसलिए उन्होंने हमारे एक सांसद को गिरफ्तार कर बदला लिया।’ उन्होंने कहा, ‘मैं इस चुनौती को स्वीकार करती हूं और धर्मनिरपेक्षता के लिए मैं बार बार ऐसे कार्यक्रमों में शामिल होउंगी।’ ममता ने कहा, ‘मुझे भाजपा से चरित्र प्रमाण पत्र लेने की जरूरत नहीं है।’ भाजपा नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘जिन लोगों के खिलाफ दंगों के कई मामले हैं, वे हम पर कैसे अंगुली उठा सकते हैं? वे धर्मनिरपेक्षता को समाप्त करना चाहते हैं। वे क्षेत्रीय पार्टियों को समाप्त करना चाहते हैं।’

Trending news