बंगाल में निकाय चुनावों में हिंसा में एक की मौत, 69% से अधिक मतदान
Advertisement

बंगाल में निकाय चुनावों में हिंसा में एक की मौत, 69% से अधिक मतदान

पश्चिम बंगाल में 91 निगमों के लिए शनिवार को हुए चुनाव में 69 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। इस दौरान हिंसा की छिटपुट घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो पुलिसकर्मियों तथा एक चुनाव अधिकारी सहित कई लोग घायल हो गए।

बंगाल में निकाय चुनावों में हिंसा में एक की मौत, 69% से अधिक मतदान

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में 91 निगमों के लिए शनिवार को हुए चुनाव में 69 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। इस दौरान हिंसा की छिटपुट घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो पुलिसकर्मियों तथा एक चुनाव अधिकारी सहित कई लोग घायल हो गए।

बर्धमान जिले में काटवा बस अड्डे के पास एक मतदान केंद्र पर इंद्रजीत सिंह नाम के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसे नजदीक से गोली मारी गई।

जिला अधिकारी सौमित्र मोहन ने मौत की पुष्टि की और इस संबंध में चुनाव अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने बताया कि काटवा के छह वाडरें में पुनर्मतदान की सिफारिश की गई है।

पुलिस अधीक्षक कुणाल अग्रवाल बताया कि काटवा में हत्या के संबंध में कांग्रेस के 11 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से तीन लोगों को आग्नेयास्त्रों के साथ घटनास्थल से तथा आठ अन्य को आसपास के मकानों से गिरफ्तार किया गया। मकानों से 50 बम भी बरामद हुए।

उन्होंने बताया कि काटवा में चुनाव के दौरान गड़बड़ी पैदा करने के मामले में तृणमूल कांग्रेस के आठ कार्यकर्ता गिरफ्तार किए गए हैं।

तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया कि सिंह पार्टी का समर्थक था। उसे तब गोली मारी गई जब उसने वार्ड नंबर 14 में एक गैंगस्टर की बूथ पर कब्जा जमाने की कोशिश का विरोध किया। जिलाधिकारी ने कहा कि मोटरसाइकिल सवार शरारती तत्वों द्वारा काटवा में की गई गोलीबारी में एक महिला सहित दो मतदाता घायल हो गए। उनके पैरों में गोलियां लगी हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मोहन ने बताया कि एक अन्य घटना में सेक्टर अधिकारी राकेश बिश्वास की शरारती तत्वों ने पिटाई की और उनके वाहन को नष्ट कर दिया। अधिकारी को प्राथमिक उपचार के बाद काटवा अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

राज्य निर्वाचन आयोग के ओएसडी सब्यसाची घोष ने बताया कि अपराह्न तीन बजे तक 69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उन्होंने कहा,‘राज्य के कुछ हिस्सों से हिंसा की शिकायतें मिली हैं।’ पुलिस ने बताया कि उत्तरी 24 परगना जिले में टीटागढ़ में 55 वर्षीय एक व्यक्ति उस समय गोली लगने से घायल हो गया जब वह एक मतदान केंद्र के बाहर कतार में खड़ा था। उसे अस्पताल ले जाया गया। अब उसकी हालत स्थिर है।

टीटागढ़ के वार्ड नंबर पांच में एक कांस्टेबल का हाथ उस समय जख्मी हो गया जब वह बम के छरें की चपेट में आ गया।

पुलिस ने बताया कि दक्षिणी 24 परगना जिले में पंचूर में दो राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प में एक पुलिसकर्मी सहित दो लोग घायल हो गए। इस संबंध में छह लोग गिरफ्तार किए गए हैं। बीरभूम में बूथ नंबर 111 पर एक ईवीएम नष्ट कर दी गई जहां पुनर्मतदान की सिफारिश की गई है।

Trending news