मोदी की सत्ता का हिस्सा हो गया है आरएसएस : वृंदा करात
Advertisement

मोदी की सत्ता का हिस्सा हो गया है आरएसएस : वृंदा करात

मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के पोलित ब्यूरो की सदस्य वृंदा करात ने आज राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और भाजपा पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि मोदी सरकार बनने के बाद से संघ सत्ता का हिस्सा हो गई है और अब बिना किसी की परवाह किये अपना एजेन्डा चला रही है।

जयपुर : मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के पोलित ब्यूरो की सदस्य वृंदा करात ने आज राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और भाजपा पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि मोदी सरकार बनने के बाद से संघ सत्ता का हिस्सा हो गई है और अब बिना किसी की परवाह किये अपना एजेन्डा चला रही है।

राजस्थान जन विचार मंच द्वारा डा गंगासहाय शर्मा की स्मृति में आयोजित व्याख्यानमाला में मुख्य अतिथि के रूप में अपने भाषण में करात ने कहा कि हिन्दुत्व में धर्म से कोई मतलब नहीं है, उनकी अपनी राजनैतिक संकल्पना है। इसमें धर्म का कोई लेना देना नही है, धर्म की जगह लोगों के दिल में है। लेकिन ये लोग धर्म को तोड मरोड कर हथियार के रूप में राजनैतिक लक्ष्य को पाने के लिये काम में ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री चुप क्यों है...उनका नारा क्या है सबका साथ लेकिन उनका साथ तो योगी आदित्य नाथ जैसे लोग दे रहे हैं। इस पर प्रधानमंत्री चुप क्यों हैं। उन्होंने कहा कि संघ के प्रमुख मोहन भागवत भी रोज हिन्दुस्तान की संस्कृति को चुनौती देने का काम रहे हैं।

करात ने कहा कि संघ के लोग भारत के ढांचे को नहीं मानते है जबकि यह धर्मनिरपेक्षता और जनता की एकता का ढांचा है जिसे ये लोग नहीं मानते। उन्होंने दावा किया कि केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी छह बार संघ के नेताओं से मिलती हैं। इसके पीछे कारण क्या है, यही नहीं दीनानाथ बत्रा की ‘झूठे इतिहास’ की किताबों को गुजरात और मध्यप्रदेश में चलाया जा रहा है और राजस्थान में भी इसे चलाने की कोशिश की जा रही है। इन किताबों में उर्दू के शब्दों के इस्तेमाल पर बंदिश लगाने संबंधी बातों का जिक्र है।

उन्होंने कहा कि बत्रा ने अपनी किताबों में उर्दू शब्द खबरदार, मुश्किल, दोस्त, गुस्सा और शरारत जैसे शब्दों को भारतीयता से दूर बताया गया है, क्योंकि ये उर्दू के शब्द हैं। करात ने आरोप लगाया कि हिन्दुत्व के नाम पर हिन्दुस्तान की गौरवशाली परम्पराओं को समाप्त करके, उंची जाति के लोगों की विचारधारा को लागू करके ,सब जगह मुस्लिम विरोधी भावना बढाकर संतों को सामने लेकर आना चाहते हैं जबकि इनका प्रतिनिधित्व आजकल तिहाड और जोधपुर जेल में दिखाई दे रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि संघ द्वारा हरियाणा और उत्तर प्रदेश में गौ हत्या के मुद्दे पर अपना एजेन्डा चलाया जा रहा है। केन्द्र सरकार के श्रम कानूनों में सुधार को मजदूरों के हितों पर कुठाराघात बताते हुए करात ने कहा कि यह उनके अधिकारों पर हमला है। उन्होंने राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को श्रम सुधार के मुद्दे पर आडे हाथों लेते हुए कहा कि राजे को आईपीएल की जानकारी ज्यादा है, अगर बीपीएल की जानकारी भी होती तो अच्छा होता।

Trending news