कांग्रेस के खिलाफ ‘सत्ता विरोधी मतदान’ के कारण ये नतीजे: भाकपा
Advertisement

कांग्रेस के खिलाफ ‘सत्ता विरोधी मतदान’ के कारण ये नतीजे: भाकपा

भाकपा ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनावी नतीजे नरेंद्र मोदी या भाजपा के पक्ष में ‘लहर’ नहीं बल्कि कांग्रेस के खिलाफ ‘सत्ता विरोधी मतदान’ का परिणाम हैं।

नई दिल्ली : भाकपा ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनावी नतीजे नरेंद्र मोदी या भाजपा के पक्ष में ‘लहर’ नहीं बल्कि कांग्रेस के खिलाफ ‘सत्ता विरोधी मतदान’ का परिणाम हैं।

भाकपा के राष्ट्रीय सचिव डी राजा ने यहां कहा, ‘दोनों राज्यों में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी के खिलाफ सत्ता विरोधी मतदान हुआ और किसी अन्य मजबूत विकल्प की अनुपस्थिति में इसका फायदा भाजपा को मिला। यह मोदी लहर नहीं थी जैसा कि पेश किया जा रहा है।’

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कांग्रेस-राकांपा सरकार पर आदर्श आवासीय और सिंचाई परियोजना घोटालों जैसे कई बड़े घोटालों का आरोप लगा जबकि हरियाणा में हुड्डा सरकार ‘सबसे अलोकप्रिय सरकारों में से एक’ थी इसलिए मतदाताओं ने उनके खिलाफ मतदान किया।

माकपा ने महाराष्ट्र में एक सीट जीती जबकि वाम दल हरियाणा में एक भी सीट नहीं जीत पाए।

राजा ने कहा, ‘वामदलों को आत्मनिरीक्षण करना होगा और खुद को फिर से खड़ा करने तथा मोदी सरकार और आरएसएस समर्थित हिन्दुत्व बलों द्वारा पेश चुनौतियों का सामना करने के तरीके खोजने होंगे।’

Trending news