किसान रैली में सोनिया- राहुल ने मोदी सरकार को घेरा, किसानों की आवाज न दबने देने का किया वादा
Advertisement

किसान रैली में सोनिया- राहुल ने मोदी सरकार को घेरा, किसानों की आवाज न दबने देने का किया वादा

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भूमि अधिग्रहण विधेयक पर मोदी सरकार को घेरते हुए कहा कि यह सरकार हिन्दुस्तान की नींव को कमजोर कर रही है। रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की किसान रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसान के साथ रही है और आगे भी आपकी मुश्किलों में साथ देगी। सोनिया गांधी ने कहा कि किसानों की आवाज न दबी है न दबेगी ये हमारा वादा है।

किसान रैली में सोनिया- राहुल ने मोदी सरकार को घेरा, किसानों की आवाज न दबने देने का किया वादा

- किसानों की आवाज न दबी है न दबेगी ये रामलीला मैदान से हमारा वादा है : सोनिया

- कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ किसानों की लड़ाई लड़ेगी : सोनिया

- केंद्र सरकार की कथनी और करनी में भारी अंतर है : सोनिया

- मोदी सरकार के खोखले वादों को समझ गए हैं किसान : सोनिया

- सरकार की मदद जख्म पर नमक छिड़कने जैसा : सोनिया

- भीषण संकट के दौर से गुजर रहे हैं किसान : सोनिया

- मोदी सरकार ने किसानों को मिलने वाला बोनस खत्म कर दिया है, एमआरपी नहीं बढ़ाई गई : सोनिया

- किसानों और गरीबों के हितों की नजरअंदाज नहीं होने देंगे : सोनिया गांधी

- कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया ने मुश्किल समय में वक्त निकालने के लिए किसानों का धन्यवाद किया।

- राहुल ने किसानों को दिया भरोसा- कांग्रेस ने हमेशा आपकी लड़ाई लड़ी है और आपकी एक इंच जमीन जाने नहीं देगी।

- मोदी सरकार हिन्दुस्तान की नींव को कमजोर कर रही है : राहुल

- मोदी सरकार ने कृषि का बजट आधा कर दिया : राहुल

- पीएम मोदी की बातों से मुझे दुख हुआ कि उन्हें हिन्दुस्तान के लोगों की ताकत समझ में नहीं आती है : राहुल

- पीएम मोदी ने विदेश में कहा कि हम 50 साल का कचरा साफ कर रहे हैं : राहुल

- कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों की खातिर यूपीए सरकार की गिनाईं उपलब्धि।

- कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह किसान रैली के मंच का संचालन कर रहे हैं।

- संक्षिप्त भाषण में मनमोहन ने सोनिया और राहुल से आग्रह किया कि किसानों की पीड़ा को समझें और उनकी तकलीफों को दूर करें।

- पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने संभाला मंच, बोले- मोदी सरकार में किसानों की हो रही है दुर्दशा।

- मेगा किसान रैली में राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पहुंचे करीब एक लाख किसान।

- 12.05 PM : रामलीला मैदान में मंच पर पहुंची कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी।

नई दिल्ली : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी करीब दो महीने के अवकाश के बाद देश की राजनीति में एक बार फिर से अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ एक जनसभा को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली आज की रैली में राहुल गांधी छुट्टी से लौटने के बाद केंद्र की मोदी सरकार पर पहला बड़ा और सीधा हमला बोलेंगे।

पिछले वर्ष लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार से उबरने की कोशिशों में जुटी कांग्रेस की इस 'खेत किसान रैली' को पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश में मायावती के मुख्यमंत्री रहते 2011 में राज्य सरकार के भूमि अधिग्रहण विधेयक के विरोध में राहुल ने भट्टा परसौल में पदयात्रा निकाली थी। राहुल एक बार फिर उसी तरह किसानों की इस रैली का नेतृत्व करते नजर आएंगे।

मध्यांतर के बाद 20 अप्रैल से शुरू हो रहे बजट सत्र के दूसरे चरण की पूर्व संध्या पर राहुल राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में किसानों की इस जनसभा को संबोधित करेंगे। रैली के लिए सुबह साढ़े दस बजे का समय रखा गया है। कांग्रेस 2013 में लाए गए अपने मूल भूमि अधिग्रहण विधेयक में किसी भी बदलाव का कड़ा विरोध कर रही है और उस प्रावधान को खत्म करने का विशेष तौर पर विरोध कर रही है, जिसमें भूमि अधिग्रहण के लिए 80 फीसदी भूमि स्वामियों की अनुमति को अनिवार्य रखा गया था।

राहुल ने वापसी के बाद शनिवार को राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश से आए किसानों के कई प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की और भूमि अधिग्रहण विधेयक के प्रति और बेमौसम बारिश के कारण फसलों को हुए नुकासन के प्रति उनकी चिंताओं पर उनसे बात की। राहुल ने किसानों को आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी उनके मुद्दों के लिए सड़क से संसद तक लड़ाई लड़ेगी।

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बताया कि नरेंद्र मोदी सरकार की 'किसान विरोधी एवं गरीब विरोधी' नीतियों का विरोध करने के लिए विशाल रैली बुलाई गई है। उन्होंने कहा, हम इस बेरहम भूमि अधिग्रहण अध्यादेश-2015 का विरोध करेंगे और इसके चलते किसानों से लिए जाने वाले 200 लाख हेक्टेयर भूमि के कारण उनकी परेशानियों के लिए आवाज उठाएंगे। इस रैली में शामिल होने के लिए रविवार को एक 17 कोच वाली विशेष ट्रेन जयपुर से किसानों को राजधानी लेकर आएगी।

Trending news