राम मंदिर पर केंद्र सरकार को देना होगा कुछ और वक्त: संघ
Advertisement

राम मंदिर पर केंद्र सरकार को देना होगा कुछ और वक्त: संघ

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनने की उम्मीद तो जतायी लेकिन कहा कि इसके लिए केन्द्र सरकार को कुछ वक्त देना होगा।

राम मंदिर पर केंद्र सरकार को देना होगा कुछ और वक्त: संघ

लखनऊ : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनने की उम्मीद तो जतायी लेकिन कहा कि इसके लिए केन्द्र सरकार को कुछ वक्त देना होगा।

संघ ने सोमवार को कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणापत्र में राम मंदिर मुद्दे का जिक्र किया है लेकिन कुछ समय इंतजार करना चाहिए। संघ की तीन दिवसीय बैठक के बाद सरकार्यवाह भैय्याजी जोशी से जब संवाददाताओं ने सवाल किया कि क्या बैठक में राम मंदिर का मुद्दा उठा, तो जवाब में उन्होंने आशा व्यक्त की कि केन्द्र सरकार ‘राम मंदिर’ के मुद्दे को गंभीरता से लेगी क्योंकि हिन्दू समाज चाहता है कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर बने।

जोशी ने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणापत्र में इस मुद्दे का उल्लेख किया है। ‘थोड़े समय हमें राह देखनी चाहिए।’ उन्होंने कहा, ‘राम मंदिर का मुद्दा हमेशा हम सबके विचार विमर्श में रहा है। राम मंदिर तो है.. ये बात मान लेनी चाहिए। उस मंदिर को विशाल बनाने की जरूरत है। वहां पूजा पाठ होता है और हजारों की संख्या में लोग दर्शन करने जाते हैं। हिन्दू समाज चाहता है कि वहां विशाल मंदिर बने।’ महाराष्ट्र और हरियाणा के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली जबर्दस्त जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए जोशी ने कहा कि लोकसभा चुनावों से परिवर्तन की जो लहर चली है, वह अब भी चल रही है।

यह पूछने पर कि क्या भाजपा काले धन के मुद्दे पर ‘यू टर्न’ ले रही है, उन्होंने कहा, ‘काले धन के मुद्दे पर भाजपा कोई ‘यू टर्न’ नहीं ले रही है.. ऐसा होना नहीं चाहिए। जो जटिलताएं हैं, उन्हें दूर कर चुनावी घोषणापत्र में जनता से किये गये वायदों को पूरा करना चाहिए।’

यह पूछने पर कि क्या महाराष्ट्र में सरकार गठन में शिवसेना या राकांपा का सहयोग लिया जाएगा, जोशी ने कहा कि इस बारे में फैसला भाजपा को करना है। उत्तर प्रदेश में 2017 के विधानसभा चुनावों के लिए क्या रणनीति होगी, इस सवाल पर जोशी ने कहा कि इस बारे में भाजपा फैसला करेगी और भाजपा के लिए जमीन तैयार करना संघ की जिम्मेदारी नहीं है।

यह कहे जाने पर कि लोकसभा चुनाव के दौरान संघ ने भाजपा की मदद की थी, उन्होंने कहा कि संघ ने भाजपा के लिए कोई कार्य नहीं किया था बल्कि मतदाताओं में जागरूकता फैलाने का कार्य किया था ताकि अधिक से अधिक लोग मतदान करने आगे आयें।

लव जिहाद के बारे में उन्होंने कहा कि यह समस्या पिछले 15 साल से समाज में है मगर महिला खिलाड़ी तारा शाहदेव प्रकरण सामने आने के बाद यह मुद्दा अधिक चर्चा में आया। यह सामाजिक समस्या है। इसे किसी संप्रदाय से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। प्रशासन को इस मुद्दे को गंभीरता से लेना चाहिए।

हरियाणा और उत्तर प्रदेश में ‘झूठी शान के लिए हत्या’ से जुड़े मामलों पर सवाल किये जाने पर जोशी ने कहा कि युवा वर्ग को इस बारे में चेतना जागृत करनी चाहिए। ‘ऐसी जो भी गैर कानूनी, अवैध और अत्याचार की घटनाएं हैं, हम उनका प्रखर शब्दों में विरोध करते आये हैं और हम ऐसी घटनाओं को गलत मानते हैं।’ भारत से बाहर संघ कितने देशों में कार्य कर रहा है, इस सवाल पर जोशी ने कहा, ‘भारत के बाहर आरएसएस का काम किसी भी देश में नहीं है। संघ का काम केवल भारत की सीमाओं में चलता है। अन्य देशों में संघ के स्वयंसेवक हिन्दू समाज को एकजुट करने का प्रयत्न जरूर कर रहे हैं और 45 देशों में ऐसे कार्य चल रहे हैं।’

Trending news