TMC ने CBI के कथित दुरुोपयोग पर लोकसभा से किया वॉकआउट
Advertisement

TMC ने CBI के कथित दुरुोपयोग पर लोकसभा से किया वॉकआउट

तृणमूल कांग्रेस सांसदों ने सारदा चिट फंड मामले में पश्चिम बंगाल के परिवहन मंत्री मदन मित्रा की गिरफ्तारी के मुद्दे पर आज लोकसभा में केंद्र सरकार पर सीबीआई के दुरूपयोग का आरोप लगाया और कार्यस्थगन का नोटिस अस्वीकार कर दिये जाने पर सदन से वाकआउट किया।

TMC ने CBI के कथित दुरुोपयोग पर लोकसभा से किया वॉकआउट

नई दिल्ली : तृणमूल कांग्रेस सांसदों ने सारदा चिट फंड मामले में पश्चिम बंगाल के परिवहन मंत्री मदन मित्रा की गिरफ्तारी के मुद्दे पर आज लोकसभा में केंद्र सरकार पर सीबीआई के दुरूपयोग का आरोप लगाया और कार्यस्थगन का नोटिस अस्वीकार कर दिये जाने पर सदन से वाकआउट किया।

आज सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने पर तृणमूल के सौगत राय ने कहा कि उन्होंने संघीय ढांचे पर प्रहार के विषय पर कार्यस्थगन का नोटिस दिया है। अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि उन्हें सौगत राय और दीपेन्द्र हुड्डा की ओर से पेश कार्यस्थगन के नोटिस मिले हैं। सौगत राय का नोटिस कई विषयों पर हैं। नियमों का हवाला देते हुए अध्यक्ष ने कहा कि इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि जहां तक दीपेन्द्र हुड्डा के नोटिस का सवाल है, वह संबंधित विषय को अन्य अवसरों पर उठा सकते हैंै। वह उन्हें इसका मौका देंगी। इसके बाद तृणमूल सदस्य संघीय ढांचे पर प्रहार और सीबीआई के दुरूपयोग का आरोप लगाते हुए अध्यक्ष के आसन के समीप आ गए।

संसदीय कार्य मंत्री एम वेंकैया नायडू ने कहा कि हर दिन आप किसी विषय पर कार्यस्थगन प्रस्ताव ले कर आते हैं। कई महत्वपूर्ण विषय है जिन्हें उठाया जाना है, कानून बनने हैं, चर्चा होनी है। व्यवधान नहीं डालें।

सौगत राय ने कहा कि उन्होंने इस विषय पर ध्यानाकर्षण का नोटिस दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की अहम जांच एजेंसी सीबीआई का दुरूपयोग किया जा रहा है। संसदीय कार्य मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा कि इस विषय में हमारी पार्टी के अध्यक्ष का नाम लिया गया है। हम इसकी निंदा करते हैं। कानूनी विषय को राजनीतिक रंग नहीं दें।

तृणमूल कांग्रेस सदस्यों के शोर शराबे के बीच अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने प्रश्नकाल की कार्यवाही जारी रखी। तृणमूल सदस्य ‘सीबीआई का दुरूपयोग बंद करो’, ‘संघीय ढांचे पर प्रहार बंद करो’ के नारे लगा रहे थे। कुछ देर बाद तृणमूल सदस्य नारेबाजी करते हुए सदन से वाकआउट कर गए।

इस पर संसदीय कार्य मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा कि यह पद्धति बन गई है कि नारा लगाकर, गालियां देकर बाहर चले जाते हैं। इससे देश में क्या संदेश देना चाहते हैं। सारदा घोटाला, सीबीआई या संघीय ढांचे किसी भी विषय पर सरकार चर्चा कराने को तैयार है। संसदीय कार्य मंत्री की टिप्पणी पर कांग्रेस, मुस्लिम लीग, एआईएमआईएम ने विरोध जताया।

सदन में कांग्रेस के नेता मल्लिकाजरुन खडगे ने कहा कि प्रश्नकाल में संसदीय कार्य मंत्री को कैसे अनुमति दे सकती हैं। हमें अनुमति नहीं मिलती। अध्यक्ष ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री चर्चा कराने की बात कह रहे थे। इसके बाद प्रश्नकाल सुचारू रूप से चला और मंत्रियों ने सवालों के जवाब भी दिये।

Trending news