कारसेवकों पर गोलियां चलवाने के लिए माफी मांगें मुलायम: भाजपा
Advertisement

कारसेवकों पर गोलियां चलवाने के लिए माफी मांगें मुलायम: भाजपा

भाजपा ने वर्ष 1990 में अपने मुख्यमंत्रित्वकाल में अयोध्या में विवादित ढांचा बचाने के लिये कारसेवकों पर गोलियां चलवाने पर अफसोस जताने वाले सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की। वहीं, कांग्रेस ने यादव के इस बयान को साम्प्रदायिक धुव्रीकरण की कोशिश करार देते हुए उन पर हिन्दू वोटों को एकजुट करने में भाजपा की मदद करने का आरोप लगाया।

कारसेवकों पर गोलियां चलवाने के लिए माफी मांगें मुलायम: भाजपा

लखनऊ : भाजपा ने वर्ष 1990 में अपने मुख्यमंत्रित्वकाल में अयोध्या में विवादित ढांचा बचाने के लिये कारसेवकों पर गोलियां चलवाने पर अफसोस जताने वाले सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की। वहीं, कांग्रेस ने यादव के इस बयान को साम्प्रदायिक धुव्रीकरण की कोशिश करार देते हुए उन पर हिन्दू वोटों को एकजुट करने में भाजपा की मदद करने का आरोप लगाया।

भाजपा के प्रान्तीय प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने सोमवार को कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने जिन कारसेवकों पर गोलियां चलवायीं वे निहत्थे थे। ऐसे में उन पर गोली चलाने का आदेश देकर ‘जघन्य अपराध’ किया गया। महज दुख जता देने से उन कारसेवकों के परिजन को सुकून नहीं मिलेगा जो अयोध्या में सुरक्षाबलों की गोलियों का निशाना बने थे।

उन्होंने कहा, ‘आज 25 साल बाद उस घटना पर दुख व्यक्त कर देने से उन परिवारों के जख्म नहीं भरेंगे जिन्होंने उस घटना में अपने अपनों को खोया। क्या मुलायम वाकई उस नुकसान की भरपाई करने का माद्दा रखते हैं? उन्हें इस गुनाह के लिये सार्वजनिक मंचों पर माफी मांगनी चाहिये।’ इस बीच, कांग्रेस के संचार विभाग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सत्यदेव त्रिपाठी ने कहा कि सपा मुखिया कारसेवकों पर गोलियां चलाये जाने का लगातार जिक्र करके एक ओर मुस्लिम मतों को इकट्ठा करने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ भाजपा को हिन्दू मतों के ध्रुवीकरण में मदद भी पहुंचा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यादव वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गड़े मुर्दे उखाड़कर जानबूझकर साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण में जुट गये हैं जो प्रदेश की जनता के हित में नहीं है।

गौरतलब है कि सपा मुखिया यादव ने 30 अक्तूबर 1990 को अयोध्या में विवादित ढांचा बचाने के लिए कारसेवकों पर गोली चलवाने के अपने फैसले पर कल अफसोस जाहिर किया था लेकिन साथ ही यह भी कहा था कि धर्मस्थल को बचाने के लिए ऐसा करना जरूरी था। यादव ने कल समाजवादी पार्टी नेता कर्पूरी ठाकुर की जयंती के मौके पर सपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कहा था कि अयोध्या में विवादित ढांचे को बचाने के लिए ही उन्होंने कारसेवकों पर गोली चलाने का आदेश दिए थे, इसका उन्हें अफसोस है, लेकिन धर्मस्थल को बचाना जरूरी था इसलिए गोली चलाई गयी।

सपा मुखिया ने कहा था कि संसद में तत्कालीन नेता विपक्ष अटल बिहारी वाजपेयी ने इस घटना का जिक्र किया था तो उन्हें यह जवाब दिया गया था कि धर्मस्थल बचाने के लिऐ गोली चलाई गई थी और उस घटना में 16 लोगों की मौत हुई थी। अगर इसमें और भी ज्यादा जानें जाने का अंदेशा होता तो भी वह कदम पीछे ना खींचते।

Trending news