उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध में भारी वृद्धि : कैग
Advertisement

उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध में भारी वृद्धि : कैग

भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने कानून एवं व्यवस्था के मोर्चे पर घिरी उत्तर प्रदेश की अखिलेश सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों के हमले को अपनी इस रिपोर्ट के साथ नई धार दे दी है कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में तेज बढोत्तरी हुई है।

लखनऊ : भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने कानून एवं व्यवस्था के मोर्चे पर घिरी उत्तर प्रदेश की अखिलेश सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों के हमले को अपनी इस रिपोर्ट के साथ नई धार दे दी है कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में तेज बढोत्तरी हुई है।

विधानसभा में आज 31 मार्च 2015 को समाप्त हुए वर्ष के लिए प्रस्तुत कैग की रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष 2010-11 से लेकर 2014-15 के बीच प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में 61 प्रतिशत की बढोत्तरी हुई है। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश में सत्तारूढ समाजवादी पार्टी के लिए कैग की यह रिपोर्ट परेशानी पैदा करने वाली हो सकती है क्योंकि मार्च 2012 से वही सरकार में है।

कैग रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष 2013-14 में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में बहुत तेजी से बढोत्तरी हुई। वर्ष 2012-13 में जहां यह संख्या 24552 थी वह 2013-14 में 31810 हो गयी और वर्ष 2014-15 में भी इसमें कोई कमी नहीं हुई।

विपक्षी दलों ने कैग रिपोर्ट को प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था बिगडते जाने के आरोप की पुष्टि करार देते हुए कहा कि अखिलेश सरकार बेनकाब हो गयी है। भाजपा के प्रदेश महासचिव विजय बहादुर पाठक ने कहा ‘कैग की रिपोर्ट हमारे आरोपों की पुष्टि करती है और अब इस पर कोई विवाद नहीं बचता कि अखिलेश सरकार महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को रोक पाने में विफल साबित हुई है।

Trending news