..तो भाजपा को समर्थन देने पर विचार करे बसपा : अठावले
Advertisement

..तो भाजपा को समर्थन देने पर विचार करे बसपा : अठावले

आरपीआई के अध्यक्ष और केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले ने आज कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत नहीं मिलने की स्थिति में बसपा को उसे बिना शर्त समर्थन देते हुए अपनी ओर से कोई उपमुख्यमंत्री बनाने की नीति पर विचार करना चाहिये।

फाइल फोटो

गोरखपुर: आरपीआई के अध्यक्ष और केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले ने आज कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत नहीं मिलने की स्थिति में बसपा को उसे बिना शर्त समर्थन देते हुए अपनी ओर से कोई उपमुख्यमंत्री बनाने की नीति पर विचार करना चाहिये।

अठावले ने यहां प्रेस कांफ्रेंस में एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि प्रदेश विधानसभा चुनाव में अगर भाजपा को पूर्ण बहुमत नहीं मिलता है तो बसपा को अपने शुरआती तीन बार के मुख्यमंत्रित्वकाल को याद करते हुए भाजपा को बिना शर्त समर्थन देना चाहिये।

उन्होंने कहा कि इसके साथ ही बसपा को अपनी ओर से कोई उपमुख्यमंत्री बनाने की नीति पर विचार करना चाहिए। अठावले ने कहा कि प्रदेश में उनकी पार्टी कुल 403 में से 43 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि शेष 360 सीटों पर वह भाजपा को समर्थन कर रही है। उनकी पार्टी भाजपा को चुनाव में किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं होने देगी। प्रदेश में आरपीआई के चुनाव लड़ने से बसपा को नुकसान होगा।

उन्होंने एक सवाल पर कहा कि आरक्षण व्यवस्था दलितों का अधिकार है और इसे समाप्त नहीं किया जा सकता है। देश से आरक्षण समाप्त किये जाने का एक ही रास्ता है, वह यह कि देश से जाति व्यवस्था की समाप्ति हो।

अठावले ने कहा कि महाराष्ट्र में जिस प्रकार से भाजपा को स्थानीय च़ुनावों एवं बीएमसी में प्रचण्ड बहुमत मिला है वह इस बात की निशानी है कि गरीबों को नोटबन्दी ने किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है।

उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से मुलाकात करके सुझाव दिया है कि बी.एम.सी. में ढाई-ढाई साल के लिए मेयर और डिप्टी मेयर के पदों पर बारी-बारी से शिवसेना और भाजपा को अवसर प्रदान किया जाये।

 

Trending news