Trending Photos
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ समाजवादी पार्टी ने अवैध निर्माण ढहाने गयी लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) और पुलिस की टीम से संघर्ष के बाद गुरुवार को गिरफ्तार कर लिए गये। सीतापुर से पार्टी विधायक रामपाल यादव को आज पार्टी से भी निष्कासित कर दिया है।
पार्टी प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बताया, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधायक रामपाल यादव को अवैध गतिविधियों में लिप्त होने और पार्टी की छवि को धूमिल करने के आरोप में दल से निकाल दिया है।’ रामपाल और उनके रिश्तेदार पूर्व विधायक राजेंद्र यादव समेत उनके आठ समर्थकों को गुरुवार को राजधानी के जियामउ इलाके में अवैध निर्माण ढहाने पहुंचे लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था।
हत्या का प्रयास (307) और आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत कल रात गिरफ्तार रामपाल यादव को आज अदालत में पेश किया जिसने उन्हें उनके आठ समर्थको के साथ 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। उल्लेखनीय है कि एलडीए ने समाजवादी पार्टी के विधायक रामपाल यादव के अवैध काम्प्लेक्स को कल ढहा दिया था। यह काम्पलेक्स मुख्यमंत्री आवास के निकट जियामउ में बनाया जा रहा था।
एलडीए की टीम कल दोपहर जिला प्रशासन के अधिकारियों और भारी पुलिस बल के साथ पहुंची और काम्प्लेक्स को बुलडोजर से ढहा दिया। विधायक का काम्प्लेक्स ढहाने की खबर जैसे ही फैली, वह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ समर्थकों का संघर्ष हो गया। इसके बाद भीड को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। विधायक और उनके समर्थकों को कल पुलिस हिरासत में ले लिया गया था।
इस बीच अधिकारियों ने बताया कि यादव के सीतापुर स्थित स्पर्श होटल को भी ढहाया गया था। यादव ने पिछले दिनों अपने बेटे जितेंद्र को पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के विरद्व जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ाया था, जिसके बाद उन्हें निलंबित भी किया गया था। बाद में उनका निलंबन तो वापस हो गया था मगर उनके खिलाफ शिकायतों का सिलसिला जारी था।