अमित शाह बोले, 'यूपी में हमारी सरकार बनते ही सारे कत्लखाने बंद कर दिये जाएंगे'
Advertisement

अमित शाह बोले, 'यूपी में हमारी सरकार बनते ही सारे कत्लखाने बंद कर दिये जाएंगे'

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि सपा और बसपा ने 15 साल में उत्तर प्रदेश को ‘बर्बाद’ कर दिया है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टीकरण को समाप्त कर दिया जाएगा।

अमित शाह बोले, 'यूपी में हमारी सरकार बनते ही सारे कत्लखाने बंद कर दिये जाएंगे'

अंबेडकरनगर (उप्र): भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि सपा और बसपा ने 15 साल में उत्तर प्रदेश को ‘बर्बाद’ कर दिया है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टीकरण को समाप्त कर दिया जाएगा।

शाह ने यहां एक चुनावी रैली में मतदाताओं से कहा, ‘आपने सपा और बसपा को मौका दिया। कांग्रेस को मौका दिया। अब एक मौका मोदी जी :प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी: को दे दीजिए। उत्तर प्रदेश में जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टीकरण समाप्त कर देंगे।’

भाजपा सरकार बनने पर राज्य के ‘कत्लखाने’ बंद करने का ऐलान करते हुए शाह ने कहा कि वह प्रदेश में खून की नहीं, बल्कि दूध और घी की नदियां बहाना चाहते हैं।

शाह ने कहा, ‘उत्तर प्रदेश में जिस दिन भाजपा का मुख्यमंत्री शपथ लेगा, रात बारह बजे के पहले राज्य के सारे कत्लखाने बंद कर दिये जाएंगे। अब तक प्रदेश में गाय, भैंस और बैल के खून की नदियां बहायी गयीं। हम भी चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश में नदियां बहें लेकिन खून की नहीं, बल्कि दूध और घी की नदियां।’

उल्लेखनीय है कि भाजपा के 2017 के उत्तर प्रदेश चुनाव घोषणापत्र में भी कहा गया कि सपा शासनकाल में उत्तर प्रदेश में पशु धन की संख्या में गिरावट आयी है। इसमें उल्लेख है कि सभी अवैध कत्लखानों को पूरी कठोरता से बंद किया जाएगा और सभी यांत्रिक कत्लखानों पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।

शाह ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में चारों ओर भाजपा की आंधी दिखायी दे रही है। आने वाले चुनाव की समाप्ति के बाद दो तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 15 साल से सपा और बसपा के शासन ने प्रदेश को बर्बाद करके रख दिया है। ना तो गांवों में 24 घंटे बिजली आती है, ना महिलाएं सुरक्षित हैं, ना युवाओं को रोजगार है और ना ही व्यापारी सलामत हैं।

शाह ने कहा कि दवाइयां सस्ती नहीं हैं, किसानों के धान की खरीद नहीं हुई, गन्ना किसानों को उनका बकाया धन नहीं मिला। ‘लेकिन अखिलेश कहते हैं कि काम बोलता है।’

साथ ही अखिलेश पर तंज कसा, ‘पूरे उत्तर प्रदेश को उन्होंने (अखिलेश) हत्या के मामले में नंबर वन बना दिया। बलात्कार में नंबर वन बनाया। चोरी, लूट, डकैती, फिरौती और अपहरण के मामले में ... सब मामलों में उत्तर प्रदेश को नंबर वन बनाने का काम सपा की सरकार ने किया है। उनको (अखिले) लगता है कि यही काम है, इसलिए कहते हैं काम बोलता है।’

सपा-कांग्रेस गठजोड़ पर हमलावर होते हुए शाह ने कहा कि अब दूसरा (राहुल) भी आ मिला है। ‘दो शहजादे मिले हैं। कैसे हैं दोनों शहजादे .. एक से उसकी मां परेशान है तो दूसरे से बाप और दोनों से उत्तर प्रदेश परेशान है। ये लोग प्रदेश का भला नहीं चाहते।’

भाजपा अध्यक्ष ने राहुल से हिसाब मांगते हुए कहा कि राहुल के परनाना पंडित जवाहरलाल नेहरू, राहुल की दादी इन्दिरा गांधी, पिता राजीव गांधी और उसके बाद मां सोनिया गांधी के जरिए दस वर्ष तक मनमोहन सिंह सरकार ने देश पर कुल साठ साल तक शासन किया। ‘आपके परिवार ने साठ साल तक देश पर शासन किया। साठ साल तक आपके परिवार ने क्या किया ? आप (राहुल) दीजिए इसका हिसाब।’

शाह ने कहा कि राहुल हिसाब पूछते हैं कि मोदी सरकार ने क्या किया। ‘राहुल बाबा। हमने ऐसी सरकार दी, जिस पर ढाई साल तक विरोधी भी .. मोदी जी पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा पाये। मेरे पास 93 योजनाओं की सूची है, जो मोदी सरकार ने गरीबों, पिछड़ों, दलितों, युवाओं, किसानों और गांवों के लिए बनायी है। सारी योजनाएं यहां तक पहुंचाने की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश की थी लेकिन इसे नहीं निभाया गया। ये योजनाएं आप लोगों तक नहीं पहुंचीं क्योंकि बीच में एक निकम्मी सपा की सरकार बैठी थी।’

मतदाताओं से सपा सरकार को उखाड़कर फेंकने की अपील करते हुए शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार बनी तो पांच साल में यूपी को देश का नंबर एक राज्य बना देंगे। जहां..जहां भाजपा शासन में आयी है, हमने विकास का काम किया।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश के ‘अच्छे दिन’ 11 मार्च को मतगणना के बाद आ जाएंगे। ‘अखिलेश जी तिथि और समय लिख लो। भाजपा सरकार बनेगी और उत्तर प्रदेश के अच्छे दिन आएंगे।’ उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनते ही राज्य में सभी लघु एवं सीमांत किसानों का कर्ज पूर्णतया माफ किया जाएगा। किसानों को कभी भी कर्ज चाहिए, जितना भी कर्ज चाहिए, ब्याज नहीं लिया जाएगा। समूह ग और घ की सरकारी भर्तियों में इंटरव्यू समाप्त कर दिया जाएगा।

अखिलेश सरकार की महात्वाकांक्षी ‘लैपटाप’ योजना में भेदभाव बरते जाने का आरोप मढ़ते हुए शाह बोले, ‘लैपटाप देने के पहले आपका धर्म पूछते हैं। अगर उनको अनुकूल नहीं आएगा तो आपको लैपटाप नहीं देंगे .. हमने तय किया है कि भाजपा की सरकार बनने के बाद धर्म और जाति के भेदभाव के बगैर उत्तर प्रदेश के हर युवा को लैपटाप देंगे।’

 

Trending news