चीन ने भारतीय नौसैनिक पोत का किया स्वागत
Advertisement

चीन ने भारतीय नौसैनिक पोत का किया स्वागत

पिछले छह साल में पहली बार सद्भावना दौरे पर चीन गए भारतीय नौसेना के चार पोतों का पड़ोसी देश की नौसेना ने शंघाई बंदरगाह पर आज गर्मजोशी से स्वागत किया।

बीजिंग : पिछले छह साल में पहली बार सद्भावना दौरे पर चीन गए भारतीय नौसेना के चार पोतों का पड़ोसी देश की नौसेना ने शंघाई बंदरगाह पर आज गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों देशों के समुद्री बल के इस कदम को आपसी अविश्वास को दूर करने और नौवहन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के तौर पर देखा जा रहा है।
भारतीय नौसेना के राणा, शिवालिक, कामरुक और आईएनएस शक्ति आज शंघाई पहुंचे। इस समुद्री बेड़े में 1000 से अधिक नाविक और अधिकारी शामिल हैं। उनके स्वागत में चीनी नौसेना का बैंड बजाया गया है। रियर एडमिरल शेन हाओ के नेतृत्व में चीनी नौसेना अधिकारियों ने भारतीय पोतों और चालक दल के सदस्य का स्वागत किया।
इस अवसर के महत्व को समझते हुए भारतीय नौसेना के पूर्वी कमान के प्रमुख वाइस एडमिरल अनिल चोपड़ा और भारतीय राजदूत एस जयशंकर चीनी नौसेना अधिकारियों को बधाई देने के लिए उपस्थित थे। भारतीय अधिकारियों के लिए प्रसन्नता का एक बड़ा कारण यह भी था कि चीनी मीडिया बड़ी संख्या में इस अवसर को कवर करने के लिए मौजूद था और मीडिया कर्मियों ने इसके बाद नौसेना अधिकारियों से बातचीत की।
चीनी मीडिया के साथ हुए संवाद के बारे में भारतीय दूतावास द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार भारतीय अधिकारियों ने भारत की ‘पूर्वोन्मुखी नीति’ पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इससे भारत द्वारा पूर्व तथा दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के साथ संबंधों को दिये जाने वाले जोर का पता लगता है। (एजेंसी)

Trending news