‘नहीं उकसाने की नीति पर अडिग है पाक’

नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम के उल्लंघन के कारण बढ़े तनाव की पृष्ठभूमि में पाकिस्तानी विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार ने कहा है कि भारत के साथ उनका देश नहीं उकसाने की नीति को लेकर अडिग है।

इस्लामाबाद : नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम के उल्लंघन के कारण बढ़े तनाव की पृष्ठभूमि में पाकिस्तानी विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार ने कहा है कि भारत के साथ उनका देश नहीं उकसाने की नीति को लेकर अडिग है।
नेता प्रतिपक्ष निसार अली खान के बयान पर हिना रब्बानी ने कहा कि पाकिस्तान सरकार ने स्थिति को और आगे नहीं बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
निसार अली खान ने कहा था,‘संघर्ष विराम के उल्लंघन को लेकर भारत सरकार के दुष्प्रचार का करार जवाब दिया जाए।’ हिना रब्बानी ने सोमवार रात पाकिस्तानी संसद के निचले सदन नेशनल असेंबली में कहा कि स्थिति को सामान्य बनाने के लिए पाकिस्तान प्रयास कर रहा है और सरकार देश की संप्रभुता के सामने खड़ी चुनौतियों को लेकर भ्रम में नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम के उल्लंघन के मामले के निवारण के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का इस्तेमाल किया है।
हिना रब्बानी ने कहा,‘पाकिस्तान ने जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई की है। हमने तीसरे पक्ष की जांच के लिए संयुक्त राष्ट्र सैन्य निगरानी समूह का भी सुझाव दिया था।’
उन्होंने दावा किया कि भारत ने स्थिति को उकसाने का काम किया, लेकिन पाकिस्तान ने जिम्मेदार रुख का परिचय दिया।
इस महीने नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम के उल्लंघन की कई घटनाएं हुई हैं। 2003 में संघर्ष विराम के अमल में आने के बाद उल्लंघनों का यह सबसे बड़ा सिलसिला रहा है। इस दौरान दो भारतीय सैनिक शहीद हो गए, जबकि पाकिस्तान ने भी अपने तीन सैनिकों के मारे जाने का दावा किया है।
पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने कहा,‘भारत के व्यवहार में ही जवाब देना गैरजिम्मेदाराना होता। विदेश विभाग ने भारतीय उच्चायुक्त को तलब किया था और उन्हें संदेश दिया था कि उकसाना जिम्मेदारी वाला व्यवहार नहीं है।’ (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.