किशनजी की करीबी सुचित्रा ने किया सरेंडर
Advertisement

किशनजी की करीबी सुचित्रा ने किया सरेंडर

माओवादी नेता और पुलिस मुठभेड़ में पिछले साल मारे गए किशनजी की करीबी सुचित्रा महतो ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

ज़ी न्यूज ब्यूरो

कोलकाता : माओवादी नेता और पुलिस मुठभेड़ में पिछले साल मारे गए किशनजी की करीबी सुचित्रा महतो ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

 

मालूम हो कि शीर्ष माओवादी नेता किशनजी को मुठभेड़ में मारे जाने के बाद सुरक्षा बल के जवान किशनजी की करीबी और महिला माओवादी नेता सुचित्रा महतो और किशनजी के अन्य सहयोगियों की तलाश में पश्चिमी मेदिनीपुर जिले के बुरिसोल जंगलों में सघन तलाशी अभियान चला रहे थे। सुचित्रा बागी नक्सली नेता किशनजी की करीबी मानी जाती थी। ऐसा कहा जाता है कि बीते साल जब किशनजी सुरक्षा बलों की कार्रवाई में मारा गया था, तब सुचित्रा उसके साथ थी।

 

मुख्यमंत्री बनर्जी ने राज्य सचिवालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'यह एक सफलता है। हम शांति चाहते हैं। यह होली का एक बड़ा तोहफा है।' सुचित्रा नक्सली कमांडर है और पुलिस द्वारा मार गिराए गए बागी नक्सली नेता शशिधर महतो की विधवा है। उस पर सुरक्षा बलों की काफी दिनों से नजर थी।

किशनजी को मारने के लिए सुरक्षा बलों ने जो जाल बिछाया था, उसमें सुचित्रा भी फंसती दिखी थी लेकिन वह चोटिल अवस्था में वहां से भाग निकली थी जबकि किशनजी मारा गया था। सुचित्रा ने अपने नए पति प्रदुष गरई के साथ मुख्यमंत्री के सामने आत्मसमर्पण किया। दोनों ने इस साल 25 फरवरी को शादी रचाई थी।

 

 

Trending news