बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान, युद्धविराम का फिर उल्लंघन

जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ सेक्टर में पांच भारतीय जवानों की हत्या पर ‘कड़े संदेश’ दिए जाने के बावजूद पाकिस्तान अपनी नापाक हरकत से बाज नहीं आ रहा है। पिछले 48 घंटों में पाकिस्तानी सेना युद्धविराम का पांच बार उल्लंघन कर चुकी है।

जम्मू : पाकिस्तानी सैनिकों ने पिछले तीन दिनों में पांचवीं बार संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए सोमवार तड़के पुंछ जिले में भारतीय चौकियों को निशाना बनाया।
पाक सैनिकों ने पुंछ में नियंत्रण रेखा पर स्थित भारतीय चौकियों पर मोर्टार और रॉकेट दागे तथा गोलीबारी की। सीमा की सुरक्षा के लिए इन चौकियों पर तैनात भारतीय जवानों ने उनका मुंहतोड़ जवाब दिया।
रक्षा प्रवक्ता एस एन आचार्य ने यहां बताया, ‘पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ स्थित नियंत्रण रेखा और दुर्गा बटालियन इलाकों में स्थित भारतीय चौकियों पर रात एक बजकर 50 मिनट पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की, मोर्टार और रॉकेट दागे।’
उन्होंने कहा, ‘यह पाकिस्तान की ओर से किया गया संघषर्विराम का एक और उल्लंघन था।’ उन्होंने बताया कि देर रात से सुबह छह बजे तक गोलीबारी जारी रही।
आचार्य ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से की गयी इस गोलीबारी में जानमाल को कोई नुकसान नहीं हुआ। पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ स्थित नियंत्रण रेखा समेत दिगवार, मनकोटे और दुर्गा बटालियन इलाकों में 11 चौकियों को निशाना बनाया। पिछले तीन दिन में यह संघषर्विराम का पांचवीं बार उल्लंघन है।
पाकिस्तानी सैनिकों ने दुर्गा बटालियन इलाके में रविवार रात नौ बजकर पचास मिनट पर भी छोटे हथियारों से गोलीबारी की और पुंछ स्थित नियंत्रण रेखा पर मोर्टार दागे।
उन्होंने बताया कि गोलीबारी करीब तीन घंटे तक चली और भारतीय जवानों ने उसका जवाब दिया। सेना के अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले में बालाकोट मेंधार अग्रिम पट्टी पर स्थित भारतीय चौकियों पर भी छोटे हथियारों से गोलीबारी की। यह घटना रविवार देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे हुई।
अधिकारियों ने बताया कि भारतीय जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई और यह झड़प करीब चार घंटे तक चली। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में भी जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि कल सुबह साढ़े आठ बजे भारत पाकिस्तान सीमा पर स्थित कुछ अन्य अग्रिम चौकियों पर पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी में सीमा सुरक्षा बल का एक जवान घायल हो गया। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.