राष्ट्रपति द.अफ्रीका की यात्रा पर रवाना - Zee News हिंदी
Zeenews logo
English   
Monday, May 20, 2013 
Search
Follwo us on: Facebook Follwo us on: Twiter Follwo us on: google+ RSS Mail to us Mail to us

राष्ट्रपति द.अफ्रीका की यात्रा पर रवाना

Sunday, April 29, 2012, 07:08
Comments 0  

दिल्ली : राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल सेशेल्स और दक्षिण अफ्रीका की आधिकारिक यात्रा पर आज रवाना हो गयीं। उम्मीद की जा रही है कि उनकी इस यात्रा से दोनों अफ्रीकी देशों के साथ भारत के संबंध प्रगाढ़ होंगे। उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, गृह सचिव आर के सिंह, रक्षा सचिव शशिकांत शर्मा, दक्षिण अफ्रीका और सेशेल्स के दूतावासों के प्रतिनिधियों ने उन्हें विदाई दी।
 
बतौर राष्ट्रपति प्रतिभा की यह संभवत: आखिरी विदेश यात्रा होगी। वह राष्ट्रपति पद से 25 जुलाई को सेवानिवृत्त हो रही हैं। राष्ट्रपति पहले सेशेल्स जाएंगी और एक मई से सात मई तक दक्षिण अफ्रीका में रहेंगी। किसी राष्ट्रपति की यह दूसरी सेशेल्स यात्रा होगी। इसके पहले 1989 में तत्कालीन राष्ट्रपति आर वेंकटरमण ने हिंद महासागर में बसे सामरिक रूप से महत्वपूर्ण द्वीप सेशेल्स की यात्रा की थी।
 
सेशेल्स में राष्ट्रपति अपने समकक्ष जेम्स एलिक्स मिशेल से मुलाकात करेंगी। उनकी इस भेंट के दौरान क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तथा द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होने की संभावना है।
 
प्रतिभा अपनी इस यात्रा के दौरान सेशेल्स की नेशनल असेंबली के विशेष सत्र को भी संबोधित करेंगी। उनकी दक्षिण अफ्रीका यात्रा दोनों देशों के बीच बढ़ते संबंधों का संकेतक है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पिछले साल आईबीएसए शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका गए थे।
 
दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति जैकब जुमा पिछले महीने ब्रिक्स सम्मेलन में भाग लेने के लिए नयी दिल्ली आए थे। इसके पहले वह जून 2010 में सरकारी यात्रा पर भारत आए थे। राष्ट्रपति के साथ एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी गया है। यह प्रतिनिधिमंडल भारत.दक्षिण अफ्रीका व्यापार फोरम की बैठक में शामिल होगा।
 
दोनों देशों के बीच 2010-11 में 11 अरब डॉलर से अधिक का व्यापार हुआ था जिसमें आयात सात अरब से अधिक का था जबकि निर्यात करीब चार अरब डॉलर का रहा था। दोनों देशों के बीच व्यापार के लक्ष्यों में संशोधन करते हुए 2014 तक इसे 15 अरब डॉलर तक पहुंचाने की बात की गयी है।
 
भारत से दक्षिण अफ्रीका को होने वाले निर्यात में इंजीनियरिंग सामान, कपड़े, केमिकल, दवाइयां, आभूषण, खनिज तेल, खनिज इंधन आदि शामिल हैं। वहीं भारत वहां से मुख्य रूप से सोने का आयात करता है।
प्रतिभा पाटिल दक्षिण अफ्रीका में महात्मा गांधी से जुड़े विभिन्न स्थानों पर भी जाएंगी। उनका पीटरमारित्जबर्ग स्टेशन जाने का भी कार्यक्रम है जहां गांधीजी को एक ट्रेन के प्रथम श्रेणी डिब्बे से बाहर कर दिया गया था। वह जोहांसबर्ग में नंबर फोर जेल का भी दौरा करेंगी जहां रंगभेद व्यवस्था के दौरान गांधीजी को रखा गया था। वह गांधीजी की एक प्रतिमा का अनावरण भी करेंगी।
 
राष्ट्रपति प्रिटोरिया में जैकब जुमा से मिलेंगी और परस्पर हितों से जुड़े राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और द्विपक्षीय मुद्दों पर विचार विमर्श करेंगी। राष्ट्रपति के साथ गए प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट और सांसद प्रभा ठाकुर और संजय शामराव धोत्रे शामिल हैं।  (एजेंसी)


First Published: Sunday, April 29, 2012, 12:38

टिप्पणी

जवाब छोड़ें

नाम:
जगह:
ई-मेल आईडी:
टिप्पणी: