लखनऊ : टीम अन्ना के महत्वपूर्ण सदस्य अरविंद केजरीवाल ने उत्तर प्रदेश में यह संकेत दे दिया कि एक मजबूत लोकपाल मिलने तक टीम अन्ना की जंग जारी रहेगी। केजरीवाल ने कहा कि यदि संप्रग सरकार संसद के शीतकालीन सत्र में सख्त लोकपाल विधेयक पारित नहीं करवाती है तो सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में जनता से कांग्रेस को वोट नहीं देने की अपील करेंगे।
केजरीवाल ने गोमती नदी के किनारे बने झूलेलाल पार्क में आयोजित एक कार्यक्रम में केजरीवाल के माध्यम से अन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अन्ना हजारे को एक पत्र लिखा है जिसमें उन्होंने संसद के शीतकालीन सत्र में एक सख्त लोकपाल विधेयक प्रस्तुत किए जाने का आश्वासन दिया है और उनके आश्वासन पर भरोसा करते हुए हम सत्र बीतने तक प्रतीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा, 'यदि संसद के शीतकालीन सत्र में सख्त लोकपाल विधेयक पारित नहीं किया जाता है तो अन्ना हजारे उत्तर प्रदेश के दौरे पर आएंगे और जनता से अपील करेंगे कि वह कांग्रेस को वोट न दे।'
केजरीवाल ने बताया कि 3 अक्टूबर को अन्ना ने 15 अक्टूबर से उत्तर प्रदेश की यात्रा पर निकलने की घोषणा की थी मगर इसी बीच प्रधानमंत्री का पत्र आ जाने के बाद उन्होंने शीतकालीन सत्र तक के लिए अपनी यात्रा स्थगित कर दी है। उन्होंने कहा कि टीम अन्ना का कांग्रेस अथवा संप्रग सरकार से कोई निजी विरोध नहीं है बल्कि हम भ्रष्टाचार के मामले में सभी राजनीतिक दलों को एक सा मानते हैं।
केजरीवाल ने कहा, 'कांग्रेस ही नहीं सपा, बसपा और भाजपा सभी की सरकारों में भ्रष्टाचार हुआ है, मगर चूंकि आज केन्द्र में कांग्रेस के नेतृत्व में संप्रग की सरकार है और वही लोकपाल विधेयक पारित करने की स्थिति में है। इसलिए हमारा कहना है कि यदि कांग्रेस लोकपाल विधेयक पारित नहीं करवाती तो जनता कांग्रेस को वोट न दे।' उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस सख्त लोकपाल विधेयक पारित कर दे हम उसका विरोध बंद कर देंगे और जनता जिस दल को चाहे उसे वोट दे।
केजरीवाल ने कांग्रेस नेताओं मनीष तिवारी और दिग्विजय सिंह आदि के बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि वे सत्ता के अहंकार में अंधे हो गए हैं और एक 'फकीर' पर व्यक्तिगत आरोप लगा रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि हिसार की जनता ने बता दिया है कि वह किसी का भी अहंकार तोड़ सकती है। केजरीवाल ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे किसी भ्रष्टाचारी और अपराधी को चुनाव में टिकट न दें और जनता भी ऐसे उम्मीदवारों को वोट न दें चाहे वे किसी भी दल के क्यों न हों।
(एजेंसी)
First Published: Wednesday, October 19, 2011, 14:50