आंध्र में सर्दी के रिकार्ड टूटे, 15 जानें गई - Zee News हिंदी
Zeenews logo
English   
Thursday, June 20, 2013 
Search
Follwo us on: Facebook Follwo us on: Twiter Follwo us on: google+ RSS Mail to us Mail to us

आंध्र में सर्दी के रिकार्ड टूटे, 15 जानें गई

Tuesday, January 17, 2012, 08:18
Comments 0  

 
हैदराबाद : आंध्र प्रदेश में बहती सर्द हवाओं ने यहां सर्दी के पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बीते दो दिनों में शीतलहर के कारण 15 लोगों की जानें गई हैं। करीमनगर जिले में पांच, विशाखापट्टनम व गुंटूर जिलों में चार-चार लोगों की मौत हो गई। नलगोंडा व वारंगल में भी एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।
 
मौसम अधिकारियों का कहना है कि राज्य के 23 में से ज्यादातर जिलों में तापमान तीन से नौ डिग्री के बीच बना हुआ है, जो सामान्य से कम है। कम से कम 13 जिले सर्द हवाओं की चपेट में हैं, पारा लुढ़ककर 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। कड़ाके की ठंड से यहां सभी हतप्रभ हैं। दक्षिण के सभी राज्य उष्णकटिबंधीय मौसम के लिए जाने जाते हैं। इन राज्यों में अब तक कभी भी सर्द हवाओं से किसी के मरने की सूचना नहीं आई।
 
विशाखापट्टनम जिले के एक जनजातीय इलाके लाम्बासिंघी में सोमवार को रात का तापमान शून्य से नीचे चला गया लेकिन भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इसकी पुष्टि नहीं की है क्योंकि यहां उसका रिकॉर्डिग स्टेशन नहीं है। जिले के कुछ वनों के नजदीक बसी बस्तियां कश्मीर का आभास दे रही हैं। विशाखापट्टनम के चिंतापल्ली जनजातीय इलाके में बीते चार दिनों से तापमान एक से 1.5 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
 
तेलंगाना क्षेत्र के आदिलाबाद जिले में कड़ाके की ठंड है, यहां रात का तापमान पांच डिग्री नीचे चला गया है। महाराष्ट्र की सीमा से लगे इस जिले में 4.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया जो बीते 100 सालों का सबसे कम तापमान है। श्रीकाकुलम के तटीय जिले में नौ डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो कई दशकों का सबसे कम तापमान है। विशाखापट्टनम में 11.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया जो बीते 50 सालों का सबसे कम तापमान है। बीते कुछ दिनों से हैदराबाद में भी 10-11 डिग्री के आसपास तापमान दर्ज किया जा रहा है।
 
विशाखापट्टनम चक्रवात चेतावनी केंद्र के मुताबिक मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ के ऊपर हवाओं का चक्र बनने व हिमालय की ओर से सर्द हवाएं आने से रात का तापमान इतना गिरा है। मौसम विभाग ने गुरुवार सुबह तक सर्द हवाएं जारी रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है और बुधवार से तापमान सामान्य रहने की उम्मीद है।
(एजेंसी)


First Published: Tuesday, January 17, 2012, 13:48

टिप्पणी

जवाब छोड़ें

नाम:
जगह:
ई-मेल आईडी:
टिप्पणी: