दिल्ली में गुरुद्वारा परिसर में झड़प, 11 घायल

दिल्ली के गुरुद्वारा रकाबगंज में दो गुटों के बीच झड़प में 11 लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक इनमें से दो की हालत गम्भीर है।

नई दिल्ली : दिल्ली के गुरुद्वारा रकाबगंज में दो गुटों के बीच झड़प में 11 लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक इनमें से दो की हालत गम्भीर है। गुरुद्वारे में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव से पहले प्रस्तावित संशोधन विधेयक पर चर्चा के लिए बैठक बुलाई गई थी, जो हिंसक हो गई। प्रतिद्वंद्वी गुटों ने कृपाण से एक-दूसरे पर हमला कर दिया, जिसमें 11 लोग घायल हो गए।
शिरोमणि अकाली दल बादल (दिल्ली) समूह और अकाली दल दिल्ली सरना (एडीडीएस) समूह के बीच बहस हिंसक हो उठी और दोनों पक्षों ने कृपाण निकाल लिया। पुलिस ने झड़प के दौरान बंदूक इस्तेमाल किए जाने से इंकार किया। एक अधिकारी ने कहा कि दोनों गुट के सदस्यों ने कृपाण और पत्थरों से एक-दूसरे पर हमले किए। गम्भीर रूप से घायल होने वालों की पहचान शिरोमणि अकाली दल बादल के अध्यक्ष और अखिल भारतीय महासचिव मंजीत सिंह जी.के. और चमन सिंह के रूप में की गई है।
पुलिस के मुताबिक 11 घायलों में छह लोग एसएडीबी समूह के और पांच लोग एडीडीएस समूह के हैं। एसएडीबी समूह के घायलों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि एडीडीएस समूह के घायलों को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंजीत सिंह ने कहा कि जैसे ही मैं गुरुद्वारा परिसर में घुसा, मुझपर हमला हो गया। वे मुझे जान से मार देना चाहते थे। इस काम के लिए उन्होंने बाउंसरों को किराए पर बुलाया था। एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि मंजीत सिंह अपने समूह के 15 से 20 लोगों के साथ गुरुवार को सुबह 11 बजे रकाब गंज गुरुद्वार परिसर में घुसे। वे वहां दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति द्वारा बुलाई गई कार्यकारी समिति की बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे थे।
अधिकारी ने कहा कि कार्यकारी समिति में मंजीत अपने समूह में अकेले हैं, इसलिए एडीडीएस समूह द्वारा उन्हें बैठक में अकेले शामिल होने के लिए कहा गया। लेकिन वह अपने पांच सदस्यों के साथ प्रवेश करना चाहते थे। अधिकारी ने कहा कि इस मुद्दे पर बहस हो गई और मंजीत के समूह के लोगों ने गमले तोड़ने शुरू कर दिये और पथराव शुरू कर दिया। मंजीत के समूह के अन्य लोग भी इसमें शामिल हो गए। तभी एडीडीएस समूह ने भी तलवार और बेंत से मंजीत और उनके समूह पर हमला कर दिया। पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। स्थिति नियंत्रण में है। अधिकारी ने कहा कि पुलिस दोनों समूह के खिलाफ भय और दंगे जैसी स्थिति पैदा करने के लिए मामला दर्ज करने पर विचार कर रही है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.