महाराष्ट्र में भड़की गन्ना किसानों के आंदोलन की आग
Advertisement

महाराष्ट्र में भड़की गन्ना किसानों के आंदोलन की आग

गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर बुधवार को भी महाराष्ट्र के किसानों का प्रदर्शन जारी रहा। कोल्हापुर में किसानों ने पुलिस पर जबरदस्त पथराव किया और पुलिस की गाड़ी को आग के हवाले कर दिया।

सांगली/कोल्हापुर : महाराष्ट्र के पश्चिमी हिस्से में बेहतर समर्थन मूल्य की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे गन्ना किसानों और पुलिस के बीच आज झड़प हुई। कोल्हापुर में किसानों ने पुलिस के वाहन को आग लगा दी और सड़क को भी बंद कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पथराव भी किया। उधर, सांगली जिले में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए हवा में गोलियां चलाई। अष्टा गांव में उस वक्त प्रवीण पाटिल नामक युवक घायल हो गया जब किसानों ने एक गैस टैंकर को आग लगाने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने इस बात से इंकार किया है कि पाटिल गोलीबारी में घायल हुआ है। स्थानीय अस्पताल के सूत्रों का कहना है कि इस युवक के पैर में गोली लगी है।
कोल्हापुर-गारगोती मार्ग पर दिनदानेरली में सड़क जाम कर रहे गन्ना किसानों पर पुलिस ने आज लाठीचार्ज किया। गन्ने के बेहतर मूल्यों की मांग को लेकर उन्होंने सड़क जाम लगाया था।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने बाद में पथराव किया और पुलिस की एक जीप में आग लगा दी। गन्ना किसानों और ‘स्वाभिमानी शेतकारी संगठन’ के कार्यकर्ताओं ने सुबह में कोल्हापुर-गारगोती मार्ग पर जाम लगा दिया था जिसके बाद सड़क खुलवाने के लिए पुलिस को कथित रूप से बल प्रयोग करना पड़ा।
सूत्रों ने कहा कि इसके बाद किसानों और पुलिस के बीच संघर्ष हो गया जिससे क्षुब्ध प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की एक जीप में आग लगा दी और उन पर पत्थर फेंके। सांसद और स्वाभिमानी शेतकारी संगठन के नेता राजू शेट्टी को पुणे जिले में हिरासत में लेने की खबर के बाद सोमवार को सांगली के नान्दरे गांव में किसानों के एक समूह ने पुलिस दल को एक होटल में बंद करने का प्रयास किया था जिसके बाद पुलिस गोलीबारी में एक किसान मारा गया था।
बीते कुछ दिनों से पश्चिमी महाराष्ट्र में किसान गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। उनकी मांग गन्ना का मूल्य तीन हजार रुपये प्रति टन करने की है, जबकि चीनी कंपनियां 2,300 रुपए प्रति टन पर सहमत हैं। (एजेंसी)

Trending news