यमुना का जलस्तर घटा, खतरा बरकरार

दिल्ली में यमुना का जलस्तर गुरुवार सुबह नीचे आना शुरू हुआ लेकिन यह अभी भी खतरे के निशान 204.83 मीटर से ऊपर बह रही है।

नई दिल्ली: दिल्ली में यमुना का जलस्तर गुरुवार सुबह नीचे आना शुरू हुआ लेकिन यह अभी भी खतरे के निशान 204.83 मीटर से ऊपर बह रही है। शहर में कई निचले इलाके जलप्लावित हो गए हैं। दिल्ली के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव धरमपाल ने कहा कि जल का स्तर जो बुधवार को 207.20 मीटर तक पहुंच गया था, गुरुवार सुबह नौ बजे 207.15 मीटर पर आ गया। लेकिन यह अभी भी खतरे के निशान 204.83 मीटर के ऊपर है। हम दोपहर तक इसके 207 मीटर तक आ जाने की उम्मीद कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बुधवार को जलस्तर काफी ऊपर था, रात आठ बजे से आउटर रिंग रोड पर पानी फैल गया था। तिब्बती बाजार में घुटने तक पानी था। नदी का जलस्तर जैसे धीरे-धीरे नीचे आ रहा, सड़कों से पानी भी हट रहा है।
हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से यमुना में नौ लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने से नदी का जलस्तर बढ़ गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि उत्तरी दिल्ली स्थित मजनूं का टीला में नहाते वक्त एक व्यक्ति नदी में डूब गया।
पूर्वी दिल्ली के निचले इलाके उस्मानपुर, यमुना बाजार, भजनपुरा और शास्त्री पार्क से करीब 5,000 लोगों को हटा कर राज्य सरकार द्वारा निर्मित लगभग 900 राहत शिविरों में भेजा गया है। विस्थापित लोग हालांकि, यहां घरों के लिए पर्याप्त टेंट न होने की शिकायत कर रहे हैं।
यमुना नदी का पानी मंगलवार को खतरे के निशान के ऊपर चला गया था जिससे पूर्वी दिल्ली को मध्य दिल्ली से जोड़ने वाला 145 साल पुराना रेल एवं सड़क पुल बंद हो गया था। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.