लखनऊ: हाल ही में कांग्रेस छोड़कर समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हुए वरिष्ठ नेता चौधरी यशपाल सिंह को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है जबकि राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) छोड़कर पार्टी में आईं अनुराधा चौधरी को सपा का राष्ट्रीय महासिचव नियुक्त किया गया है।
दोनों नेताओं का पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खासा प्रभाव माना जाता है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव ने मंगलवार दोपहर एक बयान जारी कर कहा, 'पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव ने दोनों नेताओं की नियुक्ति की है। इनके मनोनयन से सपा को पूरे राज्य में लाभ होगा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सपा सबसे ताकतवर पार्टी के रूप में उभरेगी।'
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे चौधरी यशपाल सिंह क्षेत्र के एक और दिग्गज नेता एवं अपने धुर विरोधी रशीद मसूद के कांग्रेस में आने के बाद से पार्टी से नाराज चल रहे थे। मसूद के सपा छोड़कर कांग्रेस में आने पर चौधरी यशपाल कांग्रेस से सपा में शामिल हो गए।
वहीं रालोद मुखिया अजित सिंह की करीबी रही अनुराधा चौधरी पार्टी में जयंत चौधरी का कद बढ़ने के बाद से लगातार खुद को उपेक्षित महसूस कर रही थीं। विधानसभा चुनाव में अपने समर्थकों को टिकट न मिलने से नाराज अनुराधा ने रालोद छोड़कर सपा का दामन थामा। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, January 24, 2012, 16:20