यूक्रेन संकट के और गहराने की आशंका से सोने में उछाल

यूक्रेन संकट गहराने की आशंका से अंतरराष्ट्रीय बाजार में निवेशकों ने सोने पर दांव लगाया जिससे वैश्विक बाजारों में सोने की कीमतों में तेजी आई। इससे दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोने के भाव 150 रुपए की तेजी के साथ 28,500 रुपए प्रति दस ग्राम हो गये। चांदी के भाव 500 रुपए चढ़कर 45,500 रुपए प्रति किलो तक जा पहुंचे।

नई दिल्ली : यूक्रेन संकट गहराने की आशंका से अंतरराष्ट्रीय बाजार में निवेशकों ने सोने पर दांव लगाया जिससे वैश्विक बाजारों में सोने की कीमतों में तेजी आई। इससे दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोने के भाव 150 रुपए की तेजी के साथ 28,500 रुपए प्रति दस ग्राम हो गये। चांदी के भाव 500 रुपए चढ़कर 45,500 रुपए प्रति किलो तक जा पहुंचे।

सर्राफा व्यापारियों के अनुसार यूक्रेन में मलेशियाई एयरलाइंस के एक विमान को मार गिराये जाने की घटना से यूक्रेन में सकंट और गहराने की आशंकाओं के बीच निवेशकों ने सुरक्षा की दृष्टि से सोने की खरीददारी बढ़ा दी है। इसके अलावा आभूषण निर्माताओं और फुटकर लिवाली से भी तेजी को बल मिला।

न्यूयार्क में सोने के भाव 1.42 प्रतिशत की तेजी के साथ 1318.20 डालर और चांदी के भाव 1.76 प्रतिशत चढ़कर 21.16 डालर प्रति औस हो गये। दिल्ली में सोना 99.9 और 99.5 शुद्ध के भाव 150 रुपए की तेजी के साथ क्रमश: 28,500 रुपए और 28,300 रुपए प्रति दस ग्राम बंद हुए। गिन्नी के भाव 100 रुपए चढ़कर 24,900 रुपए प्रति आठ ग्राम बंद हुए।

चांदी तैयार के भाव 500 रुपए की तेजी के साथ 45,500 रुपए और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 405 रुपए चढ़कर 45,340 रुपए प्रति किलो बंद हुए। सीमित कारोबार के दौरान चांदी सिक्का के भाव पूर्वस्तर 80,000 : 81,000 रुपए प्रति सैकड़ा अपरिवर्तित बंद हुए।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.