नीतीश ने विश्वास मत जीता 
बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जनता दल (यूनाइटेड) सरकार ने लम्बे समय के अपने सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से नाता तोड़ने के बाद बुधवार को विधानसभा में बहुमत साबित करते हुए विश्वास मत हासिल कर लिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा पेश किए गए विश्वास प्रस्ताव के पक्ष में कुल 126 विधायकों ने मतदान किया, जबकि 24 ने प्रस्ताव के खिलाफ मतदान किया। सदन में कुल 243 सदस्य हैं। भाजपा के 91 सदस्यों और लोकजनशक्ति पार्टी (लोजपा) के एक विधायक ने सदन से बहिर्गमन किया। नीतीश कुमार को अपनी पार्टी जद (यू) के 117 विधायकों, चार निर्दलीयों, चार कांग्रेसी विधायकों और एक भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के विधायक का समर्थन प्राप्त हुआ। जद (यू) का एक विधायक जेल में है।