ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसीबेंगलुरु : पिता की प्रताड़ना की शिकार तीन माह की बच्ची बेबी नेहा उर्फ आफरीन की बुधवार सुबह करीब 11.10 बजे अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
पिता की प्रताड़ना की शिकार हुई तीन माह की बच्ची आफरीन का बुधवार को बेंगलुरु के एक अस्पताल में निधन हो गया। बेटे की ख्वाहिश रखने वाले पिता ने आफरीन को बुरी तरह पीटा था, जिससे उसकी मौत हो गई। शासकीय वाणी विलास अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक सोम गौड़ा ने यहां संवाददाताओं से कहा, 'बच्ची को सुबह 10.40 बजे दिल का दौरा पड़ा। हमने उसे पुन: होश में लाने की कोशिश की, लेकिन सुबह 11.10 बजे उसका निधन हो गया।'
आफरीन रविवार से ही जीवन रक्षक उपकरणों पर थी। उसका इलाज करने वाले चिकित्सकों ने मंगलवार को कहा था कि उन्हें यह बताने में कम से कम तीन सप्ताह का समय लगेगा कि वह जीवित बचेगी अथवा नहीं। चिकित्सकों ने बताया कि बच्ची के सिर पर कई चोटें आई थीं, जिसकी वजह से उसे मस्तिष्काघात हुआ। उसके शरीर पर कई जगह काटने के निशान थे। वैसे डॉक्टर्स बच्ची के शरीर पर मौजूद जलने के निशानों की वजह नहीं बता पाए। बेटी की मौत की खबर सुनकर उसकी 19 वर्षीया मां रेशमा भानु बेहाल हो गई। रेशमा एक फल विक्रेता की बेटी है।
आफरीन का 25 वर्षीय पिता उमर फारूक एक कार पेंटर है। उसे उसकी पत्नी रेशमा की शिकायत पर गिरफ्तार कर लिया गया था। रेशमा ने शिकायत की थी कि फारूक बेटा चाहता था इसलिए उसने आफरीन को बुरी तरह पीटा।
First Published: Wednesday, April 11, 2012, 23:35