अमरूद में छिपे हैं कई गुण, सर्दियों में करें सेवन

किसी भी फल के सेवन से सेहत को फायदा ही पहुंचता है, पर इसमें से एक है अमरूद। विशेषज्ञों के अनुसार, इस फल में कई खास गुण छिपे हैं जो शरीर और सेहत के लिए काफी लाभकारी हैं।

ज़ी मीडिया ब्‍यूरो
नई दिल्‍ली : किसी भी फल के सेवन से सेहत को फायदा ही पहुंचता है, पर इसमें से एक है अमरूद। विशेषज्ञों के अनुसार, इस फल में कई खास गुण छिपे हैं जो शरीर और सेहत के लिए काफी लाभकारी हैं।
अमरूद को तमाम गुणों का खजाना माना जाता है। इसमें फोलेट की अच्छी मात्रा है, जिससे यह महिलाओं में फर्टिलिटी बढ़ाता है। मां बनने की चाहत रखने वाली महिलाओं को अमरूद का सेवन जरूर करना चाहिए। वहीं, डायबिटीज के मरीजों के लिए भी यह काफी फायदेमंद है। अमरूद के सेवन से खून में सुगर का स्तर कम होता है। इसमें फाइबर अधिक मात्रा में होते हैं जो शुगर के अवशोषण और इन्सुलिन बढ़ाने में मदद करते हैं।
इसके अलावा, अमरूद में आयोडीन अच्छी मात्रा में पाई जाती है, जिससे थायरॉइड की समस्या में आराम होता है। इससे शरीर का हार्मोनल संतुलन बना रहता है। अमरूद में संतरे के मुकाबले चार गुना अधिक विटामिन सी होता है। विटामिन सी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर की प्रतिरोधी क्षमता बढ़ाते हैं और कैंसर से लड़ने में शरीर की मदद करते हैं। वाकई यह फल शरीर के लिए काफी लाभकारी है।
अमरूद में मौजूद पोटैशियम शरीर में सोडियम के प्रभाव को कम करता है जिससे ब्लड प्रेशर का संतुलन बना रहता है। इसके अलावा, यह शरीर में कोलेस्ट्रॉल का स्तर कम होता है। दांत दर्द में इसके पत्ते चबाने से भी काफी आराम मिलता है। इससे कब्ज भी दूर होती है।
विशेषज्ञ विशेषकर सर्दियों के मौसम में अमरूद के सेवन की नसीहत देते हैं। अमरूद कई मायनों में सेहतमंद है। यह कई पौष्टिक तत्वों से भरपूर है बल्कि सेहत से जुड़े कई रोगों से दूर रखने में भी मददगार है। अमरूद को जामफल के नाम से भी जाना जाता है। इसका उपयोग कई रूपों में किया जाता है। अमरूद से जैम, जेली आदि चीजें भी बनती हैं, जो बाजार में सहज ही उपलब्‍ध होता है।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.