महंगाई के खिलाफ भाजपा का जनसंघर्ष अभियान शुरू
Advertisement

महंगाई के खिलाफ भाजपा का जनसंघर्ष अभियान शुरू

भाजपा ने महंगाई और पेट्रोल के दाम बढ़ाने के विरोध में एक पखवाड़े तक चलने वाले अपने देश व्यापी जन संघर्ष अभियान की गुरुवार को शुरुआत की। 22 जून को सभी जिला मुख्यालयों में जेल भरो आंदोलन के साथ इसका समापन होगा।

नई दिल्ली : भाजपा ने महंगाई और पेट्रोल के दाम बढ़ाने के विरोध में एक पखवाड़े तक चलने वाले अपने देश व्यापी जन संघर्ष अभियान की गुरुवार को शुरुआत की। 22 जून को सभी जिला मुख्यालयों में जेल भरो आंदोलन के साथ इसका समापन होगा।
पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने इस बात की जानकारी देते हुए यहां आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ‘भ्रष्ट’ सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं और संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी दाम बढ़ाओ माफिया का ‘संरक्षण’ कर रही हैं जिसकी वजह से देश इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रहा है।
नकवी ने आरोप लगाया कि दोनों ईमानदारी के वेष में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं और इसके चलते आठ साल के संप्रग के अब तक के शासन में घोटालों और भ्रष्टाचार के सभी रिकार्ड टूट गए हैं। भाजपा नेता ने कहा कि सरकार आम आदमी के प्रति असंवेदनशील है और इसके तार ‘भ्रष्ट माफिया’ से जुड़े हैं। इसके कारण आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक पेट्रोल के बढ़े हुए दाम वापस नहीं लिए जाते हैं, भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा। (एजेंसी)

Trending news