भूकंप से कश्मीर घाटी हिला
Advertisement

भूकंप से कश्मीर घाटी हिला

कश्मीर घाटी और पश्चिमोत्तर पाकिस्तान के खबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोमवार सुबह मध्यम तीव्रता के भूकम्प के झटके महसूस किए गए। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभी तक जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। कश्मीर घाटी में तीन बार झटके महसूस किए गए।

श्रीनगर/इस्लामाबाद : कश्मीर घाटी और पश्चिमोत्तर पाकिस्तान के खबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोमवार सुबह मध्यम तीव्रता के भूकम्प के झटके महसूस किए गए। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभी तक जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। कश्मीर घाटी में तीन बार झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर जिनकी तीव्रता 5.7 से 4.2 मापी गई। उधर पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर प्रांत में केवल एक बार झटका महसूस किया गया।
भूकम्प के सभी चार झटकों का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदू कुश पहाड़ों में था। स्थानीय मौसम विज्ञान कार्यालय की निदेशक सोनम लोटस ने बताया कि भूकंप का पहला झटका सुबह 10.32 बजे महसूस किया गया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.4 मापी गई। भूकम्प का केंद्र उत्तर से 36.7 डिग्री व पूर्व से 69.9 डिग्री पर था। लोटस ने बताया कि इसके बाद 10.59 बजे एक और झटका महसूस किया गया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.7 थी। इसका केंद्र उत्तर से 36.1 डिग्री व पूर्व से 67.3 डिग्री पर था। तीसरा झटका दोपहर बाद 2.02 बजे आया जिसकी तीव्रता 4.2 मापी गई।
पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर प्रांत खबर पख्तूनख्वा में सुबह लगभग 10.20 बजे 5.6 तीव्रता का भूकम्प महसूस किया गया। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने मौसम विभाग के हवाले से खबर दी है कि प्रांतीय राजधानी पेशावर और मरदान, चारसड्डा और नौशेरा सहित उसके आसपास के इलाकों में सुबह करीब 10.20 बजे भूकम्प के झटके महसूस किए गए।
भूकम्प की वजह से लोगों में दशहत फैल गई। दोनों देशों से जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। कश्मीर को भूकम्प सम्भावित क्षेत्र माना जाता है। वर्षो पूर्व आए भूकम्प ने यहां भारी तबाही मचाई थी। वर्ष 2005 में यहां 7.9 तीव्रता का भूकम्प आया था जिसमें जम्मू एवं कश्मीर स्थित नियंत्रण रेखा (एलओसी) के दोनों तरफ 40,000 से अधिक लोग मारे गए थे। उत्तरी और पश्चिमोत्तर पाकिस्तान भी सर्वाधिक भूकम्प सम्भावित क्षेत्रों में से एक में स्थित है। (एजेंसी)

Trending news