जिंदाल की रिमांड बढ़ाने के पक्ष में दिल्ली पुलिस
Advertisement

जिंदाल की रिमांड बढ़ाने के पक्ष में दिल्ली पुलिस

दिल्ली पुलिस मुंबई आतंकी हमला करने वालों के आका अबू जिंदाल की रिमांड बढ़ाने का अनुरोध कर सकती है जिससे मुंबई पुलिस के इस आतंकी से जल्द पूछताछ करने के प्रयास पूरे हो सकते हैं।

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस मुंबई आतंकी हमला करने वालों के आका अबू जिंदाल की रिमांड बढ़ाने का अनुरोध कर सकती है जिससे मुंबई पुलिस के इस आतंकी से जल्द पूछताछ करने के प्रयास पूरे हो सकते हैं। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने कहा कि वर्ष 2010 में राष्ट्रमंडल खेलों से एक पखवाड़े पहले हुए जामा मस्जिद हमले के पीछे की बड़ी साजिश में जिंदाल की भूमिका की जांच की जा रही है। यह हमला उस बाटला हाउस मुठभेड़ का ‘बदला’ लेने के लिए किया गया था जिसमें इंडियन मुजाहिदीन के संदिग्ध सदस्य मारे गये थे।
सूत्रों ने कहा कि पांच जुलाई को जब जिंदाल अदालत के सामने पेश होगा तो वे उसकी पुलिस रिमांड बढ़ाने की मांग सकते हैं। जिंदाल के गिरफ्तार होने की बात सार्वजनिक होने के बाद मुंबई की एक अदालत ने उसके खिलाफ कल पेशी वारंट जारी किया था।
पेशी वारंट के साथ मुंबई पुलिस का एक दल अब दिल्ली की अदालत में आवेदन दायर करके जिंदाल की हिरासत मांगेगा और उसे 2008 के आतंकी हमले के मामले में सुनवाई के लिए मुंबई ले जाएगा।
हालांकि अगर दिल्ली पुलिस जिंदाल की रिमांड बढ़वाने में सफल रहती है तो मुंबई पुलिस को उसे न्यायिक हिरासत में भेजे जाने तक का इंतजार करना होगा।
फिलहाल 15 दिन की पुलिस हिरासत में चल रहे जिंदाल को 21 जून को गिरफ्तार किया गया था। उसे सउदी अरब से हिरासत में लिया गया था और यहां पांच दिन पहले भेजा गया था। 30 वर्षीय जबीउददीन भारतीय नागरिक है जिसके बारे में माना जाता है कि वह मुंबई आतंकी हमले के समय आतंकवादियों को पाकिस्तान में ‘नियंत्रण कक्ष’ से निर्देश दे रहा था। (एजेंसी)

Trending news